Panipat Dowry Harassment: हरियाणा के पानीपत जिले के गांव बुडशाम से रूह कपा देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक विवाहिता को उसके ससुराल पक्ष द्वारा कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से जहर पिला दिया गया। घटना से महज दो घंटे पहले पीड़िता ने अपने पिता को फोन कर अपनी जान बचाने की भीख मांगी थी, लेकिन बेबस पिता के पहुँचने से पहले ही अनहोनी हो गई।
पंचायत तक पहुंचा था मामला
समालखा पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 21 मई 2025 को बुडशाम निवासी राहुल शर्मा के साथ हुई थी।आरोप है कि शादी के 4 महीने बाद ही पति राहुल, जेठ और जेठानी ने दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। पंचायत के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ था और पीड़िता तीन दिन पहले ही वापस ससुराल लौटी थी।
आधी रात पिता को आई खौफनाक कॉल
पिता के अनुसार, 12 अप्रैल की रात करीब 2 बजे बेटी का फोन आया। वह चीख-चीख कर कह रही थी, "पापा, ससुराल वाले मुझे मार देंगे, मुझे बचा लो।" इसके ठीक 2 घंटे बाद सुबह 4 बजे ससुराल पक्ष ने फोन कर सूचना दी कि बेटी ने जहर पी लिया है।
अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही पीड़िता
गंभीर हालत में विवाहिता को इसराना के एनसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पिता का सीधा आरोप है कि पति, जेठ और जेठानी ने मिलकर उसे जबरन जहर पिलाया है।
पुलिस ने शिकायत दर्ज की कार्रवाई
समालखा थाना पुलिस ने पिता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है ताकि उसके बयान दर्ज किए जा सकें।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।