डीसी विरेंद्र दहिया ने इस मामले पर कहा कि यह केवल अनुशासनहीनता नहीं, बल्कि एक गंभीर अपराध है। जबकि एक पुलिसकर्मी एग्जाम हॉल के अंदर ही ड्यूटी देने के बजाय मोबाइल चलाता हुआ पाया गया।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में पारदर्शिता के दावों के बीच पानीपत से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ दो परीक्षा केंद्रों पर पुलिसकर्मियों और टीचिंग स्टाफ द्वारा ही बच्चों को नकल कराने का खुलासा हुआ है। इस 'चीटिंग स्कैंडल' का वीडियो वायरल होने के बाद पानीपत डीसी विरेंद्र दहिया ने सख्त रुख अपनाते हुए दोनों सेंटरों की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं।

CCTV बंद कर रचा गया 'नकल का खेल'
विशेष रैपिड एक्शन फोर्स  की जांच में बेहद चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। परीक्षा केंद्रों पर तैनात स्टाफ इतना शातिर था कि जब फ्लाइंग टीम चेकिंग के लिए आती, तो सीसीटीवी कैमरे चालू कर दिए जाते थे। लेकिन टीम के जाते ही रिकॉर्डिंग बंद कर दी जाती थी ताकि सामूहिक नकल के सबूत न बचें।

वीडियो में कैद हुआ स्टाफ का कारनामा
वायरल हुए वीडियो में साफ दिख रहा है कि:

  • पुलिस और सुपरिटेंडेंट: एक हेड कॉन्स्टेबल और सेंटर सुपरिटेंडेंट खुद बच्चों को नकल सामग्री (पर्चियां) पहुंचा रहे हैं।
  • महिला टीचर का रोल: एक महिला टीचर भी बच्चों की मदद करती दिखी, जो पकड़े जाने पर अपना मुंह छिपाकर भागती नजर आई।
  • लापरवाही की हद: एक पुलिसकर्मी एग्जाम हॉल के अंदर ड्यूटी देने के बजाय मोबाइल चलाता हुआ पाया गया।

डीसी का सख्त आदेश
पानीपत के डीसी विरेंद्र दहिया ने कहा कि यह केवल अनुशासनहीनता नहीं, बल्कि एक गंभीर अपराध है।

  • छात्रों पर कार्रवाई: नकल करने वाले 32 छात्रों पर UMC के केस दर्ज किए गए हैं और उन पर एफआईआर भी की जाएगी।
  • स्टाफ पर गाज: सेंटर पर तैनात टीचिंग स्टाफ और पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच और कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
  • सेंटर रद्द: डाहर और अन्य संदिग्ध केंद्रों की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं, जिन्हें अब दोबारा आयोजित किया जाएगा।

बोर्ड चेयरमैन का बड़ा फैसला: अब बनेगी 10 RAF टीमें
हरियाणा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि 25 फरवरी और 12 मार्च को हुई परीक्षाओं की आंसर शीट दोबारा चेक करवाई जाएगी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। उन्होंने घोषणा की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पूरे प्रदेश में 10 स्पेशल रैपिड एक्शन फोर्स टीमें बनाई जाएंगी, जो हर एग्जाम पर कड़ी नजर रखेंगी।

सोनीपत और चरखी दादरी में भी पकड़ी गई थी नकल
गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों में सोनीपत के बिधलान और चरखी दादरी के बाढ़ड़ा में भी ऐसे ही मामले सामने आए थे। सोनीपत में तो परीक्षा खत्म होने के बाद 24 छात्रों को अलग कमरे में बैठाकर नकल कराई जा रही थी, जबकि दादरी में छात्राएं टीचर के सामने ही कापियां बदलती नजर आई थीं।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।