Logo
हरियाणा के रेवाड़ी में मामूली विवाद के बाद बहू ने चाकू से गोदकर सास की हत्या कर दी। हत्या के राज को छुपाने के लिए कातिल बनी बहू ने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया। पुलिस ने आरोपी बहू को गिरफ्तार कर लिया है।

रेवाड़ी। शहर के विजय नगर मोहल्ले में शुक्रवार देर रात एक पत्रवधू ने आपसी कहासुनी में अपनी सास की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। हत्या के बाद खुद को बचाने के लिए पुत्रवधु ने किसी बदमाश के घर में घुसकर उस पर उसकी सास पर चाकू से हमला करने का नाटक रचते हुए खुद को भी चाकू से घायल कर लिया। शक होने पर पूछताछ में पुलिस के सामने  वह अधिक देर तक सच को छुपा नहीं पाई तथा सास की हत्या का पूरा सच उगल दिया। कातिल बनी बहू का ससुर बीएसएफ में कार्यरत हैं, जबकि पति कंपनी में नौकरी कर रहा है। 

सास के साथ अकेली रहती थी बहू 

बीएसएफ में कार्यरत नरेश की पत्नी 59 वर्षीय माया देवी रात को अपनी पुत्रवधु चंचल के साथ घर पर अकेली थी। उसका बेटा विपिन कंपनी में ड्यूटी पर गया हुआ था। रात को चंचल ने विपिन को फोन पर बताया कि कोई बदमाश घर में घुस गया है। उसने उस पर और उसकी मां माया देवी पर चाकू से हमला करते हुए लूटपाट की है। विपिन ने अपने मामा को इसकी सूचना दी। जब विपिन का मामा विजय नगर पहुंचा, तो माया देवी मृतावस्था में पड़ी हुई थी। उसके शरीर से काफी खून बह चुका था। चंचल के शरीर पर चाकू के मामूली जख्म पाए गए। विपिन के मामा ने घटना की सूचना मॉडल टाउन थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद एचएसओ कृष्ण कुमार मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाकर जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। इसी दौरान विपिन भी कंपनी से घर आ गया।

मामले को लूटपाट में बदलने का प्रयास

चंचल ने पुलिस को बताया कि उसके घर में बदमाश घुस आए। उन्होंने उसकी सास और चाकू मारकर घायल कर दिया। सास के गले से सोने की चेन व कानों के टॉप्स छीन लिए। पुलिस को चंचल की कहानी रास नहीं आई। जरा सी सख्ती करने पर उसने सास की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि शादी के बाद से ही सास उसके साथ बात-बात पर झगड़ा करती थी। रात को खाना खाते समय भी उसने झगड़ा करना शुरू कर दिया। उसने गुस्से में आकर सास पर चाकू से हमला कर दिया। बाद में खुद को बचाने के लिए उसने अपने शरीर पर चाकू मार लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करा दिया। आरोपी पुत्रवधु को कोर्ट से रिमांड पर लिया गया है।
 

5379487