हरियाणा में राज्यसभा की एक खाली सीट के लिए नामांकन के अंतिम दिन आज भारी सियासी हलचल देखी गई। 

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार संजय भाटिया ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में अपना पर्चा दाखिल किया। वहीं, कांग्रेस की ओर से सरप्राइज कैंडिडेट कर्मवीर सिंह बौद्ध ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और पार्टी के 34 विधायकों के साथ अपना नामांकन पत्र भरा।

कांग्रेस का 'मास्टरस्ट्रोक' 
राहुल गांधी ने  राज्यसभा के लिए एक नए चेहरे कर्मवीर सिंह बौद्ध पर दांव खेला है। नामांकन से पहले उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय में अपनी कागजी कार्रवाई पूरी की।

राहुल गांधी का सुझाव 
सूत्रों के अनुसार, कर्मवीर बौद्ध का नाम सीधे राहुल गांधी ने सुझाया है। बताया जा रहा है कि हरियाणा के एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ने उन्हें हाईकमान तक पहुँचाया।

हुड्डा ने किया शक्ति प्रदर्शन 
नामांकन के दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कांग्रेस के सभी 34 विधायकों की मौजूदगी ने पार्टी की एकजुटता दिखाने की कोशिश की है।

बीजेपी प्रत्याशी संजय भाटिया का नामांकन
पूर्व सांसद संजय भाटिया ने मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ विधानसभा पहुँचकर अपना नामांकन दाखिल किया। भाटिया को राज्यसभा भेजकर बीजेपी ने अपने संगठनात्मक समीकरणों को साधने का प्रयास किया है। इस दौरान पार्टी के कई दिग्गज नेता और विधायक मौजूद रहे।

सतीश नांदल की एंट्री? 
तीसरे उम्मीदवार पर धड़कनें बढ़ी हुई दिखाई दी। बता दें कि नामांकन के आखिरी वक्त में सतीश नांदल के नाम की चर्चा ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।

नांदल को अचानक बुलाया गया चंडीगढ़
सूत्रों के अनुसार, सतीश नांदल को उनके सभी काम छोड़कर तुरंत चंडीगढ़ बुलाया गया, जहाँ उन्होंने मुख्यमंत्री आवास पर नायब सैनी से मुलाकात की। बीजेपी के रणनीतिकार सतीश नांदल के लिए जरूरी कागजात तैयार करने में जुटे हैं। यदि वे तीसरे उम्मीदवार के तौर पर नामांकन करते हैं, तो मुकाबला त्रिकोणीय और बेहद रोमांचक हो सकता है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।