हरियाणा के कई जिलों में मई-जून जैसी भीषण गर्मी का रिकॉर्ड आंका गया है,राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9°C अधिक दर्ज किया गया है। गुरुग्राम और सिरसा जैसे इलाकों 24 घंटे गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

हरियाणा में गर्मी का टॉर्चर: हरियाणा में इस बार सूरज के तेवर समय से पहले ही तल्ख हो गए हैं। अप्रैल के मध्य में ही प्रदेश के कई हिस्सों में पारा 40°C के आंकड़े को पार कर गया है, जिससे मई-जून जैसी भीषण गर्मी का अहसास होने लगा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9°C अधिक दर्ज किया गया है।

रोहतक-फरीदाबाद में सबसे ज्यादा तपिश
बुधवार को रोहतक और फरीदाबाद प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहाँ अधिकतम तापमान 40.5°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा, राज्य के अन्य सात जिलों में भी पारा 40 डिग्री के बेहद करीब पहुंच चुका है।
दोपहर के समय सड़कों पर लू जैसे हालात बनने लगे हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। 

हरियाणा के शहरों का तापमान

शहर

न्यूनतम तापमान (°C)

अधिकतम तापमान (°C)

अंबाला

20.2

38.0

हिसार

19.5

39.3

करनाल

17.4

38.8

नारनौल

23.5

39.5

रोहतक

20.4

40.5

भिवानी

23.0

38.0

गुरुग्राम

21.0

39.1

झज्जर

18.9

37.6

जींद

18.8

39.2

नूंह

20.4

39.0

पलवल

21.0

38.0

पानीपत

18.7

37.4

रेवाड़ी

20.1

37.2

सिरसा

19.9

38.1

सोनीपत

18.1

38.6

फरीदाबाद

-

40.5

यमुनानगर

17.3

-

24 घंटे गर्मी का करना पड़ रहा है सामना 

गर्मी का असर केवल दिन तक सीमित नहीं है। न्यूनतम तापमान में भी 1°C की औसत बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गुरुग्राम और सिरसा जैसे इलाकों में रातें गर्म और उमस भरी होने लगी हैं, जिससे लोगों को चौबीसों घंटे गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण राहत की उम्मीद
कृषि मौसम विज्ञान विभाग  के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण 17 और 18 अप्रैल को मौसम में बदलाव की संभावना है। गरज-चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी और तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे बढ़ते तापमान पर मामूली ब्रेक लग सकता है और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

विशेषज्ञों ने सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को दोपहर के समय सीधे धूप से बचने, अधिक तरल पदार्थों का सेवन करने और घर से निकलते समय छाते या सिर ढकने वाले कपड़े का उपयोग करने की सलाह दी है। हालांकि, यह राहत अस्थायी होगी क्योंकि 19 अप्रैल से मौसम फिर शुष्क होगा और तापमान में दोबारा तेजी आएगी।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।