बहादुरगढ़ में अवैध PVC गोदाम लगी आग इतनी विकराल थी कि कबाड़, भारी मशीनों और आसपास की झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रशासन पर सवाल उठाते हुए स्थानीय लोगों ने बताया कि कार्रवाई केवल कागजों और नोटिसों तक सीमित है। 

बहादुरगढ़ में अवैध PVC गोदाम में भीषण आग: हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित छोटूराम नगर में सोमवार को एक अवैध पीवीसी कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे ने एक 22 वर्षीय प्रवासी युवक की जान ले ली, जो गोदाम के पास बनी झुग्गी में सो रहा था। आग इतनी विकराल थी कि उसने लगभग एक एकड़ में फैले कबाड़, भारी मशीनों और आसपास की झुग्गियों को अपनी चपेट में लेकर सब कुछ स्वाहा कर दिया।

पलक झपकते ही फैली आग
हादसे का शिकार हुआ युवक शिवबाबू उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले का रहने वाला था। वह महज ढाई महीने पहले ही सुनहरे भविष्य के सपने लेकर बहादुरगढ़ में काम की तलाश में आया था। सोमवार को जब गोदाम में आग लगी, तब शिवबाबू अंदर ही सो रहा था। पीवीसी कबाड़ होने के कारण आग पलक झपकते ही फैल गई, जिससे उसे बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वह जिंदा जल गया।

8 दमकल की गाड़ियों ने की घंटों मशक्कत  
फायर ऑफिसर दीपांशु ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कबाड़ और प्लास्टिक होने की वजह से धुआं इतना जहरीला और घना था कि बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद जब आग पर काबू पाया गया, तब तक युवक की जान जा चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है।

प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल
बहादुरगढ़ में अवैध पीवीसी कबाड़ का कारोबार एक गंभीर कैंसर बन चुका है। रिहायशी इलाकों के बीच बिना किसी एनओसी और सुरक्षा मानकों के ये गोदाम धड़ल्ले से चल रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की कार्रवाई केवल कागजों और नोटिसों तक सीमित है। यही वजह है कि आज एक और गरीब परिवार का चिराग बुझ गया। ये गोदाम न केवल आगजनी के खतरे को दावत दे रहे हैं, बल्कि इनसे निकलने वाला जहरीला धुआं लोगों के स्वास्थ्य के साथ भी खिलवाड़ कर रहा है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या इस मौत के बाद प्रशासन गहरी नींद से जागेगा?

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।