नारनौंद में बुजुर्ग महिला के अपहरण का प्रयास: घर के ताले तोड़कर सामान किया चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Accused trying to kidnap elderly woman.
X
बुजुर्ग महिला के अपहरण का प्रयास करते आरोपित।
हिसार में बुजुर्ग महिला का अपहरण करने का प्रयास किया गया। साथ ही महिला के घर का ताला तोड़कर सामान चोरी किया गया। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई।

नारनौंद/हिसार: क्षेत्र के गांव पाली में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला का गाड़ी में डालकर अपहरण करने का प्रयास किया गया। बुजुर्ग महिला को आसपास के लोगों ने छुड़वाया। यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई। बुजुर्ग महिला ने उसके मकान के ताले तोड़कर घर से सामान भी चोरी करने का आरोप लगाया है। इसके बाद बुजुर्ग महिला ने इसकी शिकायत नारनौंद थाना पुलिस को दी। पुलिस ने बुजुर्ग महिला की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है।

मकान में बिखरा हुआ था सामान

गांव पाली निवासी बुजुर्ग जीवनी देवी ने बताया कि वह एक अक्टूबर को अपने गांव पाली में मकान को संभालने के लिए आई थी। जब वह अपने घर पहुंची तो देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ है और संदूक में से जरूरी सामान व कागजात चोरी किए हुए हैं। जब वह इसकी शिकायत करने के लिए नारनौंद थाना में जाने के लिए पाली गांव के बस स्टैंड पर पहुंची तो इतनी देर में एक गाड़ी आकर रुकी। गाड़ी में जींद जिले के घिमाना निवासी अशोक, सुदेश व सुदेश की बेटी गाड़ी से उतरे। अशोक ने जबरदस्ती उसे पकड़ लिया। इस दौरान उसका पर्स, पानी की बोतल व सीनियर सिटीजन का कार्ड गली में गिर गया। उन्होंने गाड़ी की खिड़की खोलकर अपहरण करने की नीयत से उसे गाड़ी के अन्दर डाल लिया।

लोगों ने आरोपियों के चंगुल से छुड़वाया

जीवनी देवी ने बताया कि जब उसने बचाओ-बचाओ का शोर मचाया तो आसपास के लोग वहां पर एकत्रित हो गए और उन्होंने आरोपियों के चंगुल से उसे छुड़वाया। उसके बाद आरोपितों ने उसको व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। यह सभी आरोपित पहले से ही उसके परिवार से रंजिश रखते हैं, जिन्होंने पहले भी मारपीट की थी व खेत से काफी पेड़ जबरदस्ती काटकर ले गए थे। इसकी शिकायत नारनौंद थाना पुलिस को दी थी लेकिन आज तक नारनौंद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जीवनी देवी ने आरोप लगाया कि इन्हीं लोगों ने घर से सामान चोरी किया है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story