Gurugram Roads: गुरुग्राम के साउथ सिटी-1 में रहने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि यहां पर जर्जर सड़कों को सुधारा जाएगा। इलाके की करीब 50 मुख्य और अंदरूनी सड़कों को फिर से बनाने का फैसला लिया गया है।
ऐसा सामने आया है कि इलाके में काफी लंबे वक्त से मरम्मत नहीं होने की वजह से सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं, जिसकी वजह से यात्रियों को पैदल चलने और वाहन चलाने में काफी समस्या का सामना करना पड़ता है। निगम द्वारा जल्द ही इस पर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, ताकि लोगों को धूल और हादसों से राहत मिल सके।
अधिकारियों के मुताबिक, गुरुग्राम नगर निगम द्वारा कॉलोनी की टूटी पड़ी मुख्य और अंदरूनी सड़कों की सूरत बदलने के लिए करीब 50 सड़कों को बनाया जाएगा। इस पूरे विकास कार्य को धरातल पर उतारने के लिए करीब 4 करोड़ रुपये खर्च करने का फैसला लिया गया है।
कॉलोनी के नगर निगम के अधीन आने के बाद यह पहला बड़ा अवसर है, जब निगम द्वारा यहां की सड़कों को बनाने के लिए इतने बड़े स्तर पर कोई विस्तृत योजना तैयार की जा रही है। पहले इस कॉलोनी की देखरेख बिल्डर करते थे, लेकिन इसे अब नगर निगम को सौंप दिया गया है, लेकिन तब से यहां पर सड़कों को बनाने को लेकर कोई भी बड़ा काम नहीं हुआ था।
बारिश के दिनों में दुर्घटना का डर
इलाके में लंबे वक्त से मरम्मत न होने की वजह से मुख्य रास्ते पूरी तरह से टूट चुके थे। इसके अलावा जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए थे। बारिश के दिनों में इन सड़कों पर चलना और भी मुश्किल हो जाता था, क्योंकि गड्ढे पर पानी भर जाता था, जिसकी वजह से सड़क हादसे का भी खतरा बना रहता था। साउथ सिटी-1 में रहने वाले करीब 2 हजार से ज्यादा लोगों को नगर निगम के इस फैसले से सीधा और बड़ा फायदा होगा।
स्थानीय लोग कर रहे थे मांग
स्थानीय लोग लगातार नगर निगम के अधिकारियों से इन सड़कों को जल्द से जल्द बनाने की गुहार लगा रहे थे, जिसके बाद सड़कों को फिर से बनाने का फैसला लिया गया। निगम के सीनियर अधिकारियों का कहना है कि 4 करोड़ रुपये की बड़ी परियोजना का पूरा खाका तैयार कर लिया गया है। निगम जल्द ही इसके लिए टेंडर की कागजी प्रक्रिया शुरू करेगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।