लोनी थाना क्षेत्र की अली गार्डन कॉलोनी में रहने वाले 50 वर्षीय सलीम वारसी यूट्यूब पर सलीम वास्तिक 0007 के नाम से यूट्यूब चैनल चलाते हैं। जानिये हमले की वजह...

दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी इलाके में आज शुक्रवार को यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला हो गया। बदमाश उनके दफ्तर में घुसे और चाकू घोंपना शुरू कर दिया। यही नहीं, उनका गला भी रेता और फरार हो गए। सलीम वास्तिक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लोनी थाना क्षेत्र की अली गार्डन कॉलोनी में रहने वाले 50 वर्षीय सलीम वारसी यूट्यूब पर सलीम वास्तिक 0007 के नाम से यूट्यूब चैनल चलाते हैं। वे इस्लामिक कुरीतियों के खिलाफ वीडियो अपलोड करते रहते हैं, जिसकी वजह से उन्हें धमकियां भी मिलती रहती थी। इसके बावजूद उन्होंने इस्लामिक कुरीतियों के खिलाफ वीडियो डालने बंद नहीं किए। इस कारण स्थानीय लोग भी उनसे रंजिश रखते थे। 

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को वे अपने दफ्तर में बैठे थे, तभी अचानक बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे। उन्होंने दफ्तर में घुसते ही चाकू निकाला और गला रेत दिया। साथ ही, पेट पर भी चाकू से वार किया। हमलावरों के अचानक हमले से सलीम वास्तिक खुद को बचा नहीं पाए और लहूलूहान होकर गिर गए। उन्हें बुरी तरह से घायल करने के बाद बदमाश बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। 

पुलिस ने बताया कि घायल यूट्यूबर को जीटीबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था, ऐसे में उनकी पहचान के लिए सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।