Delhi Murder: राजधानी दिल्ली के अलीपुर सिंघु गांव में किराए पर रह रही एक महिला की चाकू से वार कर हत्या करने का मामला सामने आया है। इस घटना को शुक्रवार को अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला घर पर अकेली थी। जैसे ही परिजनो को महिला खून से लथपथ मिली तो उसे घायल अवस्था में अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने इस केस में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की जांच शुरू कर दी है।

चाकू से वार कर महिला की मौत

पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला का नाम रितु है। मृतक महिला के दो बच्चे हैं और पति काम पर गया हुआ था। घटना के समय महिला के बच्चे गली में खेल रहे थे। रितु को घायल अवस्था में घर में गिरे हुए पड़ोसियों ने जब अपनी छत से देखा तो महिला के पति को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसका पति और पड़ोसी महिला को तुरंत नरेला के सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल लेकर पहुंचे थे। लेकिन, उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने महिला का बयान भी नहीं दर्ज किया है। अब इस घटना के आरोपियों को पकड़ना पुलिस के लिए थोड़ी चुनौती साबित हो सकता है।

पत्नी रसोई में कर रही थी काम पति ने मारी गोली

बता दें कि राजधानी से सटे ग्रेटर नोएडा में एक युवक ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने इस वारदात को उस वक्त अंजाम दिया जब वह रसोई में काम कर रही थी। यह पूरी घटना सूरजपुर क्षेत्र के बिरौंडी गांव में हुई है।