Ghaziabad Gangrape Case: गाजियाबाद के टीलामोड़ थाना क्षेत्र से एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पहले महिला को अगवा किया गया और फिर चलती कार में उसके साथ गैंगरेप करने बाद उसे राजस्थान में भरतपुर के पास फेंक दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में जीरो एफआईआर दर्ज करने के बाद केस को गाजियाबाद पुलिस के पास भेज दिया। इसके बाद गाजियाबाद पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी।
पीड़िता को मिलने के बहाने बुलाया
पीड़ित महिला के अनुसार, वह गाजियाबाद के लोनी में प्रॉपर्टी खरीदने की योजना बना रही थी। इसके चलते पीड़ित महिला का संपर्क प्रॉपर्टी डीलर आशु और विकास से हुआ। इसके बाद पीड़ित महिला 6 अप्रैल को गाजियाबाद में प्रॉपर्टी देखने के लिए लोनी जा रही थी। पीड़िता का आरोप है कि इस बीच दोनों ने महिला को टीला मोड़ थाना क्षेत्र में बुलाया और उसे अपनी कार में बिठा लिया।
धोखे से पिलाया नशीला पदार्थ
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि दोनों आरोपियों ने धोखे से उसे कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और इसके बाद वह बेहोश हो गई। महिला ने आरोप लगाया है कि बेहोश होने के बाद उसके साथ चलती कार में गैंगरेप किया गया और वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने महिला को राजस्थान के भरतपुर में सड़क किनारे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में आया होश
पीड़िता ने बताया कि जब सात अप्रैल को उसे होश आया तो वह अस्पताल में थी और बाद में उसे पूरी वारदात के बारे में बताया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 8 अप्रैल को राजस्थान पुलिस गाजियाबाद के कंबाइंड अस्पताल में बिना गाजियाबाद पुलिस को सूचना दिए ही छोड़कर चली गई। बताया जा रहा है डॉक्टरों ने मामले की सूचना गाजियाबाद पुलिस को दी और उसके बाद महिला का इलाज शुरू किया।