Logo
उत्तर भारत पिछले दो सप्ताह से भीषण गर्मी की मार झेल रहा है, लेकिन अब हिमाचल से बड़ी खबर सामने आ रही है। शिमला समेत कई जिलों में बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है, जिसका असर दिल्ली और हरियाणा पर भी पड़ना लाजमी है। पढ़िये ये रिपोर्ट...

उत्तर भारत को भीषण गर्मी से राहत दिलाने वाली हवाएं केरल से नहीं बल्कि हिमाचल प्रदेश से चलेंगी। कारण यह है कि हिमाचल के कई जिलों में बारिश शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग की मानें तो अगले पांच दिनों तक हिमाचल के कई जिलों में बारिश की संभावना है। यही नहीं, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा के साथ दिल्ली में भी बादल छाए रहेंगे। कुछ-कुछ जगह बूंदाबांदी भी हो सकती है। मौसम में इस बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में भी 5 से 6 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

उत्तर भारत पिछले दो सप्ताह से भीषण गर्मी की मार झेल रहा है। दिल्ली और हरियाणा में तो अधिकतम तापमान 47 डिग्री के पार चल रहा था। हरियाणा का सिरसा जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा। बीते दिन बुधवार को भी दिल्ली का अधिकतम पारा 52.9 डिग्री तक दर्ज किया गया, जो कि देशभर में सबसे ज्यादा था। यहां गर्मी ने करीब 100 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

हालांकि बुधवार दोपहर बाद मौसम में करवट ली। पहले अंधड़ चली और बाद में कुछ स्थानों पर बारिश भी हुई। दिल्ली से सटे नोएडा के अलावा हरियाणा के कई जिलों में भी बूंदाबांदी हुई, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि आज फिर से गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है।

हिमाचल से चलेंगी राहत भरी हवाएं

आईएमडी के मुताबिक, हिमाचल के कई जिलों में भी बुधवार को बारिश हुई। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई है। आज शिमला में भी बारिश हो रही है। शिमला में आज का अधिकतम तापमान 31.7 और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शिमला में 2 जून तक गरज के साथ बारिश की संभावना है। साथ ही, अन्य जिलों में भी बारिश के स्थिति बनी है। यही नहीं, पंजाब और हरियाणा के साथ दिल्ली में भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी आने की संभावना है।

shimla weather updates
शिमला में 5 जून तक के मौसम की भविष्यवाणी।

हिमाचल की बारिश से दिल्ली का ताप होगा कम

आईएमडी का कहना है कि दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 48 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 31 मई और 1 जून को दिल्ली में अंधड़ के साथ बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन 2 जून को गरज के साथ बारिश हो सकती है। दिल्ली के अलावा चंडीगढ़ और अंबाला समेत आसपास के इलाकों में भी बारिश की संभावना है, जिसके बाद तापमान में 5 से 7 डिग्री तक की कमी आ सकती है।

delhi weather updates
दिल्ली के लिए आईएमडी की भविष्यवाणी।

दिल्ली की बात करें तो 2 जून को बारिश के दिन अधिकतम पारा 45 डिग्री रह सकता है, जो कि रिकॉर्ड तापमान 52.9 डिग्री के मुकाबले 7.9 डिग्री कम है। खास बात है कि बारिश के बाद भी तीन दिन तक अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस ही रहेगा।

केरल से टकराया मानसून 

उधर, राहत वाली खबर यह भी है कि केरल में मानसून ने दस्तक दे दी है। पहले एक जून को मानसून दस्तक देता था, लेकिन इस बार दो दिन पहले ही मानूसन आ चुका है। अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और असम तक पहुंचने की संभावित तिथि 5 जून बताई गई है। इसके बाद उत्तर भारत की ओर बढ़ेगा। यहां पढ़िये विस्तृत खबर...  

5379487