Delhi Weather: देश की राजधानी दिल्ली में इन दिनों मौसम सुहावना बना हुआ है। न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास और अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। 27 मार्च की सुबह 6 बजे तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज 27 मार्च को दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है क्योंकि तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।
दिल्ली एनसीआर में येलो अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 29 मार्च के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट के तहत दिल्ली, नोएडा, गाज़ियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में धूल भरी आंधी के साथ बारिश और तेज हवाओं का असर रह सकता है। 29 मार्च को हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। आज 27 मार्च को भी हल्की बारिश और बादलों का माहौल बन रहने की उम्मीद है। ये बदलते मौसम की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है।
अगले दिनों का पूर्वानुमान
28 मार्च को आसमान में बादल बने रहेंगे और हल्की धूप निकलने के साथ मौसम सुहावना रहेगा। तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, जिससे गर्मी से राहत बनी रहेगी। 29 मार्च को धूल भरी आंधी और बारिश होने की संभावना है। 30 मार्च को भी बारिश का पूर्वानुमान है, हालांकि तापमान ज्यादा नहीं बदलेगा। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री के आसपास रह सकता है। 31 मार्च को बारिश की संभावना नहीं है लेकिन बादल छाए रहेंगे। 1 अप्रैल की शुरुआत भी बादलों के साथ होने की संभावना है।