Delhi Police: दिल्ली के सुरघाट इलाके में यमुना में नहाने गए दो बच्चों के डूबने की खबर सामने आ रही है। इनमें से एक के शव को निकाल लिया गया है। जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
Delhi Police: दिल्ली में यमुना नदी में नहाने गए दो बच्चों के डूबने की खबर सामने आ रही है। यहां तिमारपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के सुरघाट इलाके में दो मासूम बच्चे नहाने गए थे। तेज बहाव के कारण दोनों बच्चे गहरे पानी में बह गए। इस हादसे में एक बच्चे की जान चली गई, जबकि दूसरे की तलाश अभी भी जारी है। डेयरी नंबर-3 इलाके से छह दोस्तों का ग्रुप यमुना नदी में नहाने पहुंचा था। सब मौज-मस्ती कर रहे थे, लेकिन पल भर में ही यह मजा त्रासदी में बदल गया।
13 साल के दिक्षु और 11 साल के प्रताप अचानक गहरे पानी में फंस गए। दोनों डूबने लगे तो उनके दोस्त घबरा गए। उन्होंने जोर-जोर से चीखना और मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। लेकिन जब तक आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दोनों बच्चे यमुना के जहरीले पानी में डूब चुके थे। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। बचाव अभियान शुरू हुआ, जो कि करीब डेढ़ घंटे तक चला। गोताखोरों की कड़ी मेहनत से दिक्षु का शव यमुना नदी से निकाल लिया गया। लेकिन प्रताप अभी भी लापता है। गोताखोर लगातार बच्चे की तलाश में लगे हुए हैं। हादसे के बाद से परिवारों का रो-रो कर बुरा हाल है।
यह घटना यमुना नदी के सुरघाट पर हुई, जो तिमारपुर थाने के अंतर्गत आता है। नहाते समय तेज बहाव ने बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। दोस्तों की मदद से भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। पुलिस अभी भी मौके पर मौजूद है और दूसरे बच्चे की तलाश में जुटी हुई है। गोताखोर टीम पानी में लगातार उतर रही है। हादसे में दो बच्चों को गवाने की वजह से परिवार और स्थानीय लोग दुखी हैं।