Ghaziabad Road Accident: गाजियाबाद के हापुड़ तिराहे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक प्राइवेट बस ने बाइक सवार एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोग तुरंत आनन-फानन में घायल को जिला एमएमजी अस्पताल में ले गए लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और लोगों ने पुलिस को तुरंत सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मृतक की पहचान रानागढ़ी इलाके के निवासी 34 वर्षीय यश प्रिया के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, टक्कर मारने के तुरंत बाद प्राइवेट बस का चालक मौके से फरार हो गया। बस की रफ्तार तेज बताई जा रही है, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द से जल्द चालक को गिरफ्तार करके उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली करोल बाग हादसा
वहीं दूसरी तरफ दिल्ली के करोल बाग में बीते मंगलवार एक डबल डेकर बस पलट गई और इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा झंडेवालान हनुमान मंदिर के पास हुआ। मंदिर के पास यात्रियों से भरी बस अचानक पलट गई और इस हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के वक्त घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई और बस में सवार 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा के बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई और सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पलटी हुई बस को क्रेन की मदद से सीधा किया गया और तुरंत घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।










