Greater Noida: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर मोमोज खाने से 12 लोग बीमार हो गए। पीड़ितों को उल्टी, पेट में दर्द, सिर में दर्द और बुखार की शिकायत बताई जा रही है। फिलहाल सभी लोगों को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने गहनता से पड़ताल करने का अश्वासन दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पूरा मामला ग्रेटर नोएडा के दादरी इलाके का बताया जा रहा है। इस मामले में दादरी के निवासी आरिफ का कहना है कि बीती शाम उनके घर पर उनकी बहन और उनके दूसरे रिश्तेदार आए हुए थे। उसी दौरान उन्होंने घर पर मोमोज मंगवाए थे, सभी ने मोमोज खाए थे, जिसकी वजह से आरिफ के परिवार के 10 लोगों की तबीयत खराब हो गई, जिन्हें दादरी के अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है।
डॉक्टर काशिफ नदीम ने क्या बताया ?
इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी से भी कर दी गई है। जांच में सामने आया है कि दो अलग-अलग परिवार के लोगों ने एक ही दुकान से मोमोज खरीदे थे। दादरी नगर के तहसील के पास से एक मोमोज की दुकान से खरीदकर मोमोज खाए थे।
दादरी सरकारी अस्पताल के डॉक्टर काशिफ नदीम आलम का कहना है कि 10 से 12 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी को सिर दर्द उल्टी बुखार पेट में दर्द की शिकायत थी। शुरुआती जांच में पता लगा है कि इन्हें फूड पॉजिंग की दिक्कत हुई है, फिलहाल सभी लोग अस्पताल में भर्ती है।
दुकानदार हुआ फरार
अस्पताल में भर्ती सैंडी का कहना है कि वह पिछले दो दिन से अस्पताल में भर्ती है, बीमार होने से पहले मैने मोमोज खाए थे। बता दें कि इस घटना के बाद से ही दुकानदार फरार हो गया है, जिसकी तलाश शुरू कर दी गई है। मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि मीडिया के माध्यम उन्हें शिकायत मिली है, टीम जाकर मौके पर जांच पड़ताल करेगी।










