Ghaziabad News: गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना की खबर सामने आ रही है। यहां एक क्लीनिक में चोरी की कोशिश करने वाला युवक खुद ही फंस गया। वह छत के रास्ते क्लीनिक के अंदर घुसा था, लेकिन नीचे उतरते समय उसकी गर्दन शटर और कंक्रीट की दीवार के बीच फंस गई। वह लटकता हुआ वहीं अटक गया और कई घंटों तक बाहर नहीं निकल सका। जब लोगों को इसके बारे में पता चला तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई, सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया। यह घटना दोपहर करीब 1:15 बजे की बताई जा रही है।
फायर स्टेशन वैशाली को सूचना मिली कि एक क्लीनिक में एक व्यक्ति फंसा हुआ है। अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। जांच में पता चला कि युवक का नाम अभिषेक है और वह बिहार का रहने वाला है। बीती रात वह चोरी करने के इरादे से क्लीनिक की छत के रास्ते अंदर घुस गया था। नीचे उतरते समय संतुलन बिगड़ने के कारण उसकी गर्दन शटर और दीवार के बीच फंस गई। वह रातभर उसी हालत में लटका रहा। फायर टीम ने विशेष रेस्क्यू उपकरणों का इस्तेमाल करके शटर को सावधानीपूर्वक हटाया ताकि युवक को कोई चोट न पहुंचे। काफी मेहनत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस घटना के बाद अभिषेक को तुरंत स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस अब इस मामले की विस्तार से जांच कर रही है। पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक क्लीनिक से क्या चुराने की योजना बना रहा था और क्या कोई साथी भी उसके साथ था या नहीं। फायर ब्रिगेड की टीम की तत्परता और सावधानी भरी कार्रवाई की इलाके में सराहना हो रही है, क्योंकि उनकी वजह से युवक की जान बच गई।