उत्तर पश्चिमी दिल्ली का मॉडल टाउन इलाका शनिवार की रात को गोलियों की आवाज से गूंज उठा। लोग जब घटनास्थल पर पहुंचे तो एक युवक खून से लथपथ मिला। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात करीब ढाई बजे सूचना मिली कि एक युवक घायल अवस्था में पड़ा है। उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई है। सूचना पाते ही संबंधित पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को बाबू जगजीवन राम मेमारियल हॉस्पिटल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान 18 वर्षीय पहचान इशु उर्फ इशांत के रूप में हुई है, जोकि जहांगीरपुरी का रहने वाला था। जांच में पता चला है कि वह एक शादी समारोह में गया था। रात को वह अपने घर लौट रहा था इस दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर कई खाली कारतूस बरामद हुए हैं। क्राइम टीम और फॉरेसिंक मौके का निरीक्षण कर रही है। पुलिस ने कहा कि कुछ संदिग्धों की पहचान हो चुकी है। उनका सुराग लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। जल्द ही, आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।