Delhi Uttam Nagar Case: दिल्ली के उत्तम नगर में होली के 26 साल के तरुण की हत्या कर दी गई थी। इस हत्या के बाद से माहौल तनावपूर्ण हो गया था। इस तनाव को देखते हुए आज ईद का त्यौहार भारी सुरक्षाबलों की तैनाती बीच मनाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यहां ईद से पहले खून की होली खेलने की धमकी दी गई थी। डर और तनाव के इस माहौल के बीच उत्तम नगर इलाके से खबर आ रही है कि शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा करने बाद दो युवकों ने सुरक्षाकर्मियों और पुलिस पर फूलों की वर्षा की।
युवकों द्वारा पुलिस पर फूल बरसाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दो युवक अपने हाथ में फूलों की पंखुड़ियों से भरे एक थैले को पकड़े हुए हैं और वह दोनों पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों पर फूलों की बरसा कर रहे हैं। इस वीडियो में एक शख्स के द्वारा यह कहते हुए भी सुना जा सकता है कि पुलिस के लोगों ने बहुत सहयोग किया है। इन लोगों ने बहुत बेहतरीन काम किया है।
बता दें कि चार मार्च को होली के दिन दिल्ली के उत्तम नगर के जेजे कॉलोनी इलाके में रहने वाले तरुण और उनके पड़ोसियों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। तरुण के परिवार की एक बच्ची के द्वारा फेंका हुआ गुब्बारा गलती से दूसरे समाज की महिला को लग गया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और दोनों परिवारों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस लड़ाई में तरुण को गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
तरुण की हत्या के बाद से पूरे उत्तम नगर इलाके में तनावपूर्ण माहौल है। मुस्लिम नेताओं की तरफ से आरोप लगाया कि धार्मिक नेताओं ने ईद के दिन खून की होली खेलने की धमकी दी है और इसी के चलते मुस्लिम समुदाय ने कोर्ट से सुरक्षा की मांग की। इसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन के पास सुरक्षा बढ़ाने का आदेश दिया था। कोर्ट के आदेश के बाद हिंसा की आशंका की वजह से दिल्ली पुलिस ने इस इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। इसके अलावा कोर्ट का निर्देश था कि इलाके में सुरक्षा के इंतजाम ईद के दिन तक ही नहीं बल्कि राम नवमी के दिन तक किए जाएं। प्रशासन द्वारा किए गए सुरक्षा इंतजामों के चलते उत्तम नगर इलाके में ईद की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से अदा हुई।