Gurugram Murder Case: हरियाणा के गुरुग्राम से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आ रही है। यहां एक युवक ने नर्सिंग होम में काम करने वाली अपनी ही पत्नी की कथित तौर पर इंजेक्शन लगाकर हत्या कर दी। मृतक महिला पेशे से नर्स थी। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में मृतका के पति अरुण शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अरुण शर्मा और मृतका काजल दोनों एक ही नर्सिंग होम में काम करते थे। इसी दौरान यह लोग एक दूसरे के करीब आए और नवंबर साल 2025 में दोनों ने शादी कर ली। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ समय बाद ही अरुण का असली रूप काजल के सामने आ गया। अरुण नशे का आदी था और अपनी पत्नी को दहेज के लिए बार-बार परेशान करता था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी अरुण अपनी पत्नी से पैसे मांगता था और छोटी-छोटी बातों को लेकर उसके साथ मारपीट करता था।
आरोपी ने कबूला अपना जुर्म
मृतका काजल के भाई द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आोरपी और उसकी बहन 4 मार्च से गढ़ी हरसरू में उसके पास रह रहे थे। शिकायत में बताया गया है कि 17 मार्च को अरुण नशे हालत में अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था और अगले दिन उससे बात करने के बहाने नीचे के कमरे में ले गया। इसके बाद कुछ समय के बाद परिवार को लोगों ने देखा तो काजल बेहोश पड़ी थी और उसकी नाक से खून बह रहा था। काजल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी अरुण ने कबूल किया है कि उसने काजल को एक इंजेक्शन लगाया था, जिससे उसकी मौत हो गई।