Logo
election banner
लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी से समन्वय बनाने के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा को चुनाव प्रबंधन कमेटी और समन्वय समिति का चेयरमैन बनाया है।

Delhi Lok Sabha Election 2024: गठबंधन में लोकसभा चुनाव लड़ रही कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी से समन्वय बनाने के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा को चुनाव प्रबंधन कमेटी और समन्वय समिति का चेयरमैन बनाया है।

सुभाष चोपड़ा को दी अहम जिम्मेदारी

इसकी घोषणा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिल्ली प्रभारी महासचिव दीपक बावरिया ने की। बावरिया ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी ने दिल्ली के अनुभवी नेता पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा को अहम जिम्मेदारी सौंपी है। चोपड़ा चुनाव प्रबंधन कमेटी और समन्वय समिति के चेयरमैन के तौर पर आप पार्टी से विभिन्न मुद्दों पर समन्वय स्थापित करेंगे।

बावरिया ने आगे कहा कि चोपड़ा दिल्ली के अनुभवी नेता के अलावा एक सुलझे हुए इंसान भी हैं। ऐसे में गठबंधन में चुनाव लड़ रही कांग्रेस व आप पार्टी के बीच बेहतर तालमेल बनाने में उनकी क्षमता दोनों दलों के लिए बेहतर साबित होगी।

जीतने के लिए कोई कोर कसर नही छोड़ेंगे- लवली

इस संबंध में दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि अत्यधिक अनुभवी नेता सुभाष चोपड़ा को जो जिम्मेदारी पार्टी ने सौंपी है उस पर वह शत प्रतिशत खरा उतरेंगे। लवली ने कहा कि दिल्ली कांग्रेस, भाजपा की केंद्र सरकार और उनके सांसदों के 10 वर्षों की विफलताओं को जमकर उजागर करने के लिए आक्रामक चुनाव प्रचार अभियान चलाएगी। प्रदेश कांग्रेस दिल्ली की लोकसभा सीटों को जीतने के लिए कोई कोर कसर नही छोड़ेगी।

गठबंधन के तहत मैदान में आप और कांग्रेस

बता दें कि समझौते के तहत दिल्ली की सात लोकसभा सीट में से चार सीट पर आप और तीन सीट पर कांग्रेस चुनाव लड़ रही है। दोनों दलों में प्रचार से लेकर अन्य मुद्दों पर समन्वय बनाना बेहद जरूरी है। ऐसे में कांग्रेस ने अपनी तरफ से अनुभवी नेता माने जाने वाले सुभाष चोपड़ा को जिम्मेदारी सौंपी है।

5379487