देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को फिर से तेज धूप का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को लग रहा है कि अब हर दिन के साथ ही तापमान ऊपर की ओर बढ़ने लगेगा, जिसके बाद दोपहर के समय घर से बाहर निकलना भी दुश्वार हो जाएगा। अगर आपको भी ऐसा ही लगता है, तो बता दें कि आप गलत हैं। मौसम विभाग की मानें तो पिछले दिनों की तरह फिर से दिल्ली एनसीआर का मौसम करवट लेगा, जिसके कारण लोगों को खासी राहत महसूस होगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आने वाले दिनों में उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में मौसम बदलने वाला है। यह पश्चिमी विक्षोभ 26 मार्च को एक्टिव होगा, जिसका असर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ समेत आसपास के कई इलाकों में देखने को मिलेगा। इस पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हल्की से मध्यम बारिश होगी, वहीं तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंडक महसूस होगी।
कब बदलेगा दिल्ली के मौसम का मिजाज
मीडिया रिपोर्ट्स में मौसम वैज्ञानिकों के हवाले से बताया जा रहा है कि 24 मार्च के बाद से दिल्ली के मौसम में बदलाव आना शुरू हो जाएगा। आसमान पर बादल छाए रहेंगे। वहीं, तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राजधानी के कई हिस्सों में 26 मार्च को बारिश होगी, इसके बाद दो दिन तक आसमान छाए रहेंगे और 29 मार्च को फिर से हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
राजस्थान में कब होगी होगी बारिश
मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 26 मार्च को बारिश होगी, लेकिन राजस्थान में बारिश के संकेत नहीं दिख रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राजस्थान में 28 मार्च के आसपास बारिश होने का अनुमान है। इसके बाद 29 मार्च को पश्चिम विक्षोभ बड़े हिस्से में सक्रिय हो जाएगा, जिसके चलते पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इस दौरान गरज चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है, लिहाजा लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।