देश की राजधानी दिल्ली में आज रविवार की अलसुबह बारिश होने के चलते मौसम खुशगवार हो चुका है। यही नहीं, राजधानी के आसपास क्षेत्रों में भी तेज गरज के साथ बारिश के चलते अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग की मानें तो आगे भी बारिश का दौर जारी रहेगा, जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
होली के बाद से राजधानी दिल्ली का तापमान तेजी से ऊपर की ओर बढ़ रहा था। तीन दिन पहले तक अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो कि पिछने दस साल का रिकॉर्ड तोड़ा था। मौसम वैज्ञानिकों ने इसकी वजह पर्याप्त बारिश न होना और पश्चिमी विक्षोभ का कमजोर होना बताया था। हालांकि मौसम विभाग ने स्पष्ट किया था कि फिर से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने जा रहा है, लेकिन दिल्ली एनसीआर में इसका कम असर दिखाई देगा।
लेकिन, बाद में मौसम विभाग ने मौजूदा परिस्थितियों के अनुरूप संभावना जताई थी कि बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की संभावना के मुताबिक, आज अलसुबह ही तेज गरज के साथ बादल बरस गए। दिल्ली के सफदरगंज मौसम केंद्र में आज सुबह 7 बजे अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को भी पश्चिमी हिलालय और मैदानी इलाकों में सोमवार को भी गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, हिमालयी क्षेत्रों में तो ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
सोमवार को कैसा रहेगा दिल्ली का तापमान
स्काईवेट वेदर के मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन विभाग के उपाध्यक्ष ने पीटीआई से बातचीत में बताया कि पंजाब और हरियाणा से सटे मध्य पाकिस्तान में चक्रवाती गतिविधि विकसित हो गई है। ऐसे में पंजाब और हरियाणा के साथ ही दिल्ली के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना है।
उन्होंने कहा कि यह मानसून-पूर्व बारिश होने की उम्मीद है, जो सामान्य से करीब दस दिन पहले आ रही है। सोमवार तक शहर का न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज के बीच रहने की संभावना है।
दिल्ली के वायु प्रदूषण में सुधार
दिल्ली में बारिश के चलते वायु प्रदूषण में भी सुधार दर्ज किया गया है। हवा की दिशा बदलने के चलते शनिवार से ही एक्यूआई में सुधार दर्ज हो चुका था। शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 153 दर्ज हुआ था। वहीं, ग्रेटर नोएडा में 162, फरीदाबाद में 157 और गाजियाबाद का एक्यूआई 152 दर्ज हुआ था। आज भी हवा की गुणवत्ता में सुधार है, लेकिन अभी भी मध्यम श्रेणी में बनी है। वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमान के मुताबिक, आगे भी राजधानी की हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रहने की संभावना है।