Gurugram Rape Case: हरियाणा के गुरुग्राम से एक रूह को कपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 24 साल के हैवान ने इंसानियत की सारी हदें पार कर दी। अरोपी ने एक तीन साल की मासूम बच्ची के साथ पहले दुष्कर्म किया और फिर उसके बाद उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उसने शव को एक गड्डे में दफना दिया। गुरुग्राम पुलिस ने रात 2 बजे के आसपास लड़की का शव गड्डे से बरामद किया। पूरा मामला गुरुग्राम के सेक्टर 37 का है। बताया जा रहा है कि आरोपी भी उसी बिल्डिंग में रहता था जहां वह तीन साल की नन्ही सी जान अपने माता-पिता के साथ रहती थी। बताया जा रहा है कि पीड़ित बच्ची अक्सर आरोपी के साथ खेलती रहती थी।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार शाम को बच्चे खेल रही थी तभी आरोपी उसे 4 किलोमीटर दूर ले गया और वहां ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने बच्ची का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को एक खाली पड़े प्लाट में गड्डा खोदकर दफना दिया। पुलिस ने आगे बताया कि गुरुवार रात 12 बजे बच्ची के माता-पिता ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसके बाद पुलिस ने बच्ची को तलाशना शुरू किया तो सीसीटीवी फोटो से पता चला कि आरोपी बच्ची को अपने साथ ले गया था। इसके बाद पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उसने ही बच्ची का कत्ल किया है। इसके बाद पुलिस आरोपी को वहां ले गई, जहां उसने बच्ची के शव को दफनाया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर रात करीब 2 बजे के आसपास बच्ची के शव को बरामद किया और सबूत जुटाए। पुलिस के अनुसार, आरोपी बिहार के सुपौल जिले का रहने वाला है और गुरुग्राम की एक मैन्युफैक्चरिंग कंपनी में काम करता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।