Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के कोतवाली क्षेत्र से एक दुखद घटना की खबर आ रही है। यहां एक 18 साल के युवक ने अपने पिता की पिस्टल से खुद को गोली मारी ली, जिसकी इलाज के दौरान मौत गई।

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां धूम मानिकपुर गांव के निवासी 18 वर्षीय देवकरण पुत्र परमिंदर रावल ने शनिवार को घर में अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। देवकरण 12वीं कक्षा का छात्र था और दादरी स्थित एनटीपीसी स्कूल में पढ़ता था। इस घटना के बाद परिवार ने उसे तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामले की जांच में पुलिस को पता चला कि देवकरण ने गोली मारने से पहले अपने मोबाइल फोन का सारा डेटा डिलीट कर दिया था। इसके अलावा उसने लैपटॉप को तोड़कर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। ये कदम उठाने के बाद उसने पिता की लाइसेंसी पिस्टल का इस्तेमाल कर सिर में गोली मारी। पुलिस का मानना है कि ये हरकतें आत्महत्या के इरादे को दर्शाती हैं, लेकिन सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुए हैं।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही बादलपुर कोतवाली पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे के सही कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल किसी अन्य वजह या बाहरी हस्तक्षेप की आशंका से इनकार नहीं किया गया है, लेकिन प्रारंभिक जांच आत्महत्या की ओर इशारा कर रही है। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है और आसपास के लोग सदमे में हैं। इतनी कम उम्र में छात्र द्वारा ऐसा कदम उठाना बेहद चिंताजनक है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे के मानसिक तनाव या अन्य कारणों के बारे में ज्यादा जानकारी सामने आएगी।