haribhoomi hindi news
Ghaziabad Murder Case: गाजियाबाद में मामा ने अपनी 4 साल की भांजी की हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Ghaziabad Murder Case: गाजियाबाद में एक शख्स ने अपनी 4 वर्षीय भांजी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बच्ची के शव को कार के नीचे फेंक दिया। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद पुलिस ने  शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाशी शुरू कर दी है।  

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक बच्ची की पहचान 4 साल की रहनुमा के तौर पर हुई है। पुलिस को बीती देर रात सूचना मिली थी कि बीकानेर 80 फुटा रोड पर बच्ची का शव पड़ा हुआ है, जिसक बाद पुलिस मौके पर पहुंच और शव को कब्जे में ले लिया। बच्ची के गले पर निशान मिले हैं, जिससे संभावना जताई जा रही है कि गला दबाकर उसकी हत्या की गई है। मृतक बच्ची शालीमार गार्डन की रहने वाली थी, उसके पिता का नाम रशीद बताया जा रहा है।  

पिता की शिकायत पर केस दर्ज
  
पुलिस जांच में सामने आया है कि रहनुमा को उसका सगा मामा जमील उर्फ छोटू घर से खाना खिलाने के बहाने अपने कमरे पर ले गया, जहां उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने शव को छिपाने के इरादे से शालीमार गार्डन में कार के नीचे रखकर फरार हो गया।

मृतका के पिता रशीद की शिकायत पर पुलिस ने जमील के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी ने इस हत्या को क्यों अंजाम दिया, इसके पीछे की वजह का अभी पता नहीं लग पाया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं।

CCTV फुटेज की हो रही जांच 

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता लग पाएगा। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म तो नहीं किया गया है। एसीपी अतुल कुमार सिंह का कहना है कि आरोपी मामा को पकड़ने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

7