Ghaziabad News: गाजियाबाद से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां एक शिक्षिका के द्वारा कक्षा 9 के छात्र की पिटाई करते वक्त छड़ी आंख में लगने से छात्र की आंख की रोशनी चली गई। जानिए क्या है पूरा मामला?

Ghaziabad News: गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र के एक स्कूल से हैरान कर देनी वाली घटना सामने आ रही है। यहां शिक्षिका पर आरोप लगा है कि उसने एक छात्र की छड़ी से इतनी बेहरमी से पिटाई की कि छात्र की आंख की रोशनी ही चली गई। बताया जा रहा है कि जब शिक्षिका छात्र की छड़ी से पिटाई कर रही थी। उसी दौरान छड़ी छात्र के आंख में लग गई, जिससे कि छात्र की आंख रोशनी चली गई। पीड़ित छात्र के पिता ने वेव सिटी थाना में स्कूल के मालिक, प्रधानाचार्य और शिक्षिका के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

महरौली गांव में रहने वाले प्रवीण ने बताया कि उनका 14 साल का बेटा गांव के स्कूल में कक्षा 9 में पढ़ाई करता है। 20 दिसंबर 2025 को भी वह स्कूल में पढ़ने गया था। बताया जा रहा है कि साढ़े 11 के बजे के आसपास उसका पेन नीचे गिर गया था और छात्र उसे उठाने के लिए नीचे झुका था और इसी दौरान शिक्षिका ने छड़ी चला दी। शिक्षिका द्वारा छात्र को दंड देने के उद्देश्य से मारी गई छड़ी छात्र की दाईं आंख में जा लगी और खून बहने लगा। बताया जा रहा है कि छड़ी का एक कोना छात्र की आंख में घुसने से उसकी रोशनी चली गई।

पीड़ित के पिता का आरोप है कि प्रधानाचार्य ने गांव के डॉक्टर को दिखाकर बच्चे को घर छोड़ दिया। थोड़ी देर बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ी तो उसे पास के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां 2 दिन तक बच्चे का इलाज कराया और जब पीड़ित बच्चे को राहत नहीं मिली तो अलग-अलग डॉक्टरों को दिखाया गया लेकिन कहीं भी बच्चे को आराम नहीं मिला और अब नोएडा में एक आई सेंटर में बच्चे की आंख का ऑपरेशन हुआ है।

पीड़ित के पिता ने पुलिस पर भी देर से रिपोर्ट दर्ज करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया है कि 13 फरवरी को वेव सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए पुलिस को शिकायत दी थी लेकिन पुलिस ने समय रहते रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़ित पिता का कहना है कि इसके बाद उन्होंने कमिश्नर कार्यालय में अपनी शिकायत दी और तब जाकर पुलिस ने 27 फरवरी को पीड़ित की शिकायत दर्ज की।