Ghaziabad News: यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली लड़की ने अमेरिका में चुनाव जीता है। विदेश में देश का नाम रौशन करने वाली इस बेटी का नाम सबा हैदर है। अमेरिका में 17 मार्च को स्टेट रिप्रेजेंटेटिव के प्राइमरी चुनाव संपन्न हुए थे और इस चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के टिकट से सबा हैदर ने इलिनॉइस शिकागो से जीत हासिल की। सबा हैदर अब नवंबर में होने वाले मुख्य चुनाव में भाग ले सकेंगी।
साल 2024 में सबा हैदर ने ड्यूपेज काउंटी बोर्ड में ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। गाजियाबाद के संजय नगर में स्थिति चित्रगुप्त विहार की रहने वाली सबा हैदर ने एक बार फिर से अमेरिका की राजनीति में मजबूत पकड़ का परिचय दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सबा हैदर के संजय नगर स्थित आवास पर इस जीत की खुश के वजह से जश्न का माहौल है।
सबा हैदर के भाई अब्बास हैदर ने बताया कि 17 मार्च को अमेरिका में स्टेट रिप्रेजेंटेटिव का प्राइमरी चुनाव हुआ था। इस चुनाव में उनकी बहन सबा हैदर डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से उम्मीदवार थी और उन्होंने जीत हासिल की। अब्बास हैदर ने आगे बताया कि अमेरिका की ड्यूपोज काउंटी में शाम के करीब साढ़े 6 बजे थे।
वहीं हमारे देश के अनुसार सुबह के 6 बजे थे और अमेरिका के इलिनोइस में स्टेट रिप्रेजेंटेटिव के चुनाव की मतगणना हो रही थी, जो कि हमारे देश के समय के अनुसार पूरी रात काउंटिंग हुई और परिणाम सुबह करीब 6 बजे के आसपास आया। परिणाम आने के बाद पूरे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई क्योंकि सबा हैदर ने एक बड़े अंतराल से प्राइमरी चुनाव में जीत हासिल कर ली थी। सबा हैदर के भाई ने आगे बताया कि इस दौरान उनका पूरा परिवार गाजियाबाद में जागता रहा और मतगणना की अपडेट लेता रहा।