Noida Domestic Workers: नोएडा में एक तरफ जहां श्रमिकों का प्रदर्शन जारी है तो वहीं दूसरी तरफ मंगलवार को घरों में सहायिका के रूप में काम करने वाली महिलाओं ने भी अपने वेतन में बढ़ोतरी को लेकर प्रदर्शन किया।

Noida Domestic Workers: यूपी के नोएडा में श्रमिकों के जारी प्रदर्शन में मंगलवार को एक और नया मोड़ आया है। नोएडा में अब कंपनियों में करने वाले मजदूरों के बाद घरों में सहायिकाओं के रूप में घरों में काम करने वाली महिलाएं भी अपने वेतन में बढ़ोत्तरी को लेकर सड़कों पर उतर आई हैं। इन महिलाओं ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में यह प्रदर्शन वेतन बढ़ाने और काम करने की बेहतर परिस्थितियों की मांग को लेकर किया है।

बताया जा रहा है कि इन महिलाओं का कहना है कि उन्हें एक महीने का केवल 2500 से 3000 रुपए तक का ही वेतन दिया जाता है। इसके अलावा पूरे महीने में केवल दो ही छुट्टी दी जाती हैं। उनका कहना कि अगर वह दो छुट्टी से ज्यादा महीने में छुट्टी कर लें तो उनके पैसे काट लिए जाते हैं, जो पहले से महंगाई के जमाने के हिसाब से बहुत कम है या फिर उन पर घर से चोरी करने का इल्जाम लगा दिया जाता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अपनी तनख्वाह में बढ़ोतरी की मांग करते हुए महिलाओं ने कहा कि महंगाई के हिसाब से उनकी सैलरी हद से ज्यादा कम है। वहीं काम करने का समय ज्यादा है लेकिन वेतन बहुत कम। इसके अलावा महिलाओं ने आरोप लगाते हुए आगे कहा कि महीने में उन्हें पर्याप्त छुट्टियां भी नहीं दी जाती है। प्रदर्शनकारी महिलाओं की मांग है कि उन्हें महीने में कम से कम 4 छुट्टियां दी जानी चाहिए। इन महिलाओं का कहना है कि वह अपनी तीन हजार की नौकरी के चक्कर में अपने परिवार और बच्चों को भी समय नहीं दे पाती हैं।

उनका कहना है कि आज महंगाई आसमान छूती जा रही है, जिसके चलते 2500 से 3000 रुपए महीने के हिसाब से घर चलाना बहुत मुश्किल हो गया है। महिलाओं का कहना है कि चारो तरफ महंगाई बढ़ रही है फिर चाहे वह गैस हो, बच्चों की स्कूल की फीस हो या फिर खाने के लिए राशन सब कुछ महंगा हो चुका है।

शांतिपूर्ण रहा महिलाओं का प्रदर्शन- पुलिस

महिला प्रदर्शन के बारे में जानकारी देते हुए गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नरेट ने बताया कि मंगलवार को नोएडा के सेक्टर-122, सेक्टर-70, क्लियो काउंटी और गढ़ी चौखंडी में काम करने वाली घरेलू सहायक महिलाओं ने अपने वेतन में बढ़ोतरी को लेकर प्रदर्शन किया है। उन्होंने आगे बताया कि इस दौरान स्थिति शांतिपूर्ण रही और कानून व्यवस्था में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं हुई।