दिल्ली के सरिता विहार में आज से तीन दिवसीय पलाश महोत्सव का शुभारंभ हो चुका है। यहां बच्चों के लिए कई प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है।

देश की राजधानी दिल्ली के सरिता विहार में आज से पलाश महोत्सव का शुभारंभ हो चुका है। तीन दिन तक चलने वाले इस पलाश महोत्सव का शुभारंभ इस पार्क में कार्यरत महिला माली के हाथों द्वारा कराया गया है। पलाश मोहत्सव की शुरुआत होते ही यहां लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है। अगर आप भी खूबसूरत फूलों का दीदार करना चाहते हैं तो आपको एक बार यहां की विजिट अवश्य करनी चाहिए। आगे जानिये पलाश मोहत्सव को लेकर टाइमिंग और टिकट समेत इससे सभी जानकारियां।

सरिता विहार में 3 दिन चलेगा पलाश महोत्सव

भूदर्शन डिपार्टमेंट में कार्यरत डीडीए के अधिकारी पीयूष कुमार ने कहा कि यह पलाश महोत्सव तीन दिन तक चलेगा। लाला हरदयाल पार्क की महिला माली से इस महोत्सव का उद्घाटन कराया गया है। उन्होंने बताया कि दीप प्रज्ज्वलन भी महिलाओं ने किया है। इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को प्रकृति और हरियाली से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आज की आपाधापी में दो पल भी सकून नहीं मिलता है। लेकिन, यहां आकर खूबसूरत फूलों के बीच आप अपना तनाव भूल जाएंगे। उन्होंने लोगों से पलाश महोत्सव देखने के लिए आने की अपील की है।

फूलों के साथ कई प्रतियोगिताओं का आयोजन 

पलाश महोत्सव के दौरान जहां आप खूबसूरत फूलों का दीदार कर पाएंगे, वहीं बच्चों के लिए भी कई तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इस पार्क के माली ने बताया कि इस पलाश महोत्सव को लेकर 50 प्रकार के विशेष फूल तैयार किए हैं। पार्क के अंदर भी फूलों की सजावट की गई है। कहीं फूलों से तितली बनाई गई है तो कहीं फूलों से हिरण और फूलों से भालू बनाया गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों को फूलों से बनी यह आकृतियां बेहद पसंद आएंगी। 

पलाश महोत्सव के लिए टिकट और टाइमिंग 

पलाश महोत्सव सुबह 9 बजे से शुरू होकर शाम 7 बजे तक चलेगा। टिकट की कीमत 25 रुपये रखी गई है। आयोजकों का दावा है कि यहां की विजिट आपको कीमत वसूल से ज्यादा महसूस होगी। ऐसे में यहां आकर विजिट करें और खूबसूरत फूलों केबीच परिवार के साथ क्वालिटी टाइम गुजार सकते हैं।