नोएडा की सड़कों पर दौड़ेंगी डबल डेकर बसें: मोरना से परी चौक का सफर होगा आसान, कितना लगेगा किराया?

Double Decker Bus Service: नोएडा में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जल्द ही नोएडा की सड़कों पर डबल डेकर बसें दौड़ती हुई नजर आएंगी। नोएडा के मोरना डिपो से परी चौक तक डबल डेकर बसें चलाई जाएंगी। इससे नौकरी करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें रोजाना नोएडा से परी चौक का सफर तय करना पड़ता है।
जानकारी के मुताबिक, इन बसों को जरूरत के हिसाब से परी चौक से आगे जेवर तक भी चलाया जा सकता है। परिवहन निगम के मुताबिक, 15 मई तक नोएडा डिपो को 2 बसें मिल जाएंगी। इन डबल डेकर बसों में ज्यादा यात्री आरामदायक सफर कर सकते हैं। इससे नोएडा के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
जरूरत पड़ने पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी
बता दें कि अभी के समय में नोएडा से परी चौक तक सामान्य बसें चलाई जा रही हैं। इस रूट पर यात्रियों की संख्या ज्यादा होती है, जिसके चलते यहां पर डबल डेकर बसों के संचालन का फैसला लिया गया। 15 मई के बाद नोएडा में 2 डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। इसको लेकर डिपो प्रबंधन की ओर से सारी तैयारियां कर ली गई हैं। फिलहाल नोएडा में 2 बसों का ट्रायल किया जाएगा। अगर ये प्रयोग सफल होता है, तो बाद में बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। इससे यात्रियों को सफर के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। इन बसों में एक बार में ज्यादा यात्री सफर कर सकते हैं, जिससे सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी।
जल्द तय किया जाएगा किराया और टाइमिंग
नोएडा डिपो का बसें मिलने के बाद उनके स्टॉप चिन्हित किए जाएंगे। साथ ही उनका किराया और टाइमिंग भी तय किया जाएगा। इसके अलावा इन बसों को चार्ज करने के लिए मोरना डिपो में चार्जिंग स्टेशन भी बनकर तैयार हो चुका है। यहां पर पावर कनेक्शन मिलने के बाद इलेक्ट्रिक बसों के चार्ज करने की सुविधा भी उपलब्ध हो जाएगी। साथ ही इस रूट से होकर जाने वाली अन्य इलेक्ट्रिक बसों को भी यहां चार्ज किया जा सकेगा।
ये भी पढ़ें: Jewar Airport Noida: बॉटेनिकल गार्डन से जेवर एयरपोर्ट का सफर होगा आसान, इन रूटों पर दौड़ेंगी बसें
(Edited By: Ankush Upadhayay)
