Delhi Army Officer Assault Case: दिल्ली में सेना अफसर पर हमले को लेकर LG तरणजीत सिंह संधू ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके अलावा उन्होंने पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने के निर्देश जारी किए हैं।

Delhi Army Officer Assault Case: दिल्ली के वसंत एन्क्लेव इलाके में एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर और उनके बेटे के साथ मारपीट के मामले में सेना ने जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई है। बता दें कि पब्लिक प्लेस में शराब पीने से रोकने पर 7-8 लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी थी।

इस घटना ने राजधानी में एक बार फिर से सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, इसके साथ ही शुरुआती जांच में पुलिस की प्रतिक्रिया में कथित लापरवाही को भी संज्ञान में लिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामले से संबंधित पुलिसकर्मियों को भी जांच पूरी होने तक लाइन हाजिर और ट्रांसफर कर दिया गया है। शुरुआती जांच में मुख्य आरोपी की पहचान मेहरम नगर के रहने वाले सतिंदर कुमार के तौर पर हुई है। सतिंदर कुमार एविएशन कंपनी से जुड़ा हुआ है। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए तेजी से कार्रवाई कर रही है, इसके साथ ही मामले को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।  

LG ने पीड़ित परिवार से की बात

इस घटना को लेकर दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने पीड़ित ब्रिगेडियर पी.एस अरोड़ा से बात करके उनका हाल जाना है। इसके अलावा दिल्ली पुलिस आयुक्त और DCP से भी बातचीत करके मामले में सख्त और तेज कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित अधिकारी और उनके परिवार को पूरी सुरक्षा दी जाए। उन्होंने आगे कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सबसे पहली प्राथमिकता है, इसके साथ ही दोषियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।