Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में आज 12 अप्रैल रविवार को कुतुब मीनार क्षेत्र में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है। अगर कोई कुतुब मीनार या DDA महरौली पार्क घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी पढ़ना जरूरी है।
दरअसल आज इन इलाकों में भारी संख्या में भीड़ उमड़ने की संभावना है, ऐसे में ट्रैफिक की समस्या को देखते यातायात के विशेष इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए रविवार शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक कई रास्तों पर रूट डायवर्जन और प्रतिबंध भी लागू कर दिए हैं।
इन रास्तों पर नहीं मिलेगी एंट्री
ट्रैफिक पुलिस के दिशा-निर्देशों के अनुसार भारी वाहनों की एंट्री कुछ खास रास्तों पर पूरी तरह कंट्रोल रहेगी। ऐसा कहा जा रहा है कि अनुव्रत मार्ग से फूल मंडी होते हुए और क्रिसेंट मार्ग से मस्जिद हाजी अली जान होते हुए कोई भी भारी गाड़ी कुतुब मीनार की तरफ नहीं जा सकेगी।
इसके अलावा कालका दास मार्ग से भी स्मारक की तरफ जाने वाली भारी गाड़ियों पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने कहा है कि अनुव्रत मार्ग, क्रिसेंट मार्ग और कालका दास मार्ग समेत आसपास के लिंक रोड पर भी गाड़ियों की पार्किंग या उन्हें रुकने के लिए मना है। नियम का उल्लंघन होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, इसके अलावा अवैध रूप से खड़ी गाड़ियों को टो कर लिया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इन रास्तों का कर सकेंगे इस्तेमाल
आम लोगों की सहूलियत को देखते हुए सामान्य यातायात के लिए अरबिंदो मार्ग, अनुव्रत मार्ग, क्रिसेंट रोड और कालका दास मार्ग जैसी प्रमुख सड़कें खुली रहेंगी। इसके साथ ही कुतुब मीनार जाने के लिए कालका दास मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं।
पार्किंग को लेकर पुलिस ने कहा कि महरौली के कालका दास मार्ग पर गाड़ियां केवल प्रशासन द्वारा तय की गई पार्किंग जगहों पर ही खड़ी की जा सकेंगी। इसके अलावा एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस जैसी सभी आपातकालीन सर्विस वाली गाड़ियों पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा, वे बेरोकटोक आ सकेंगे।
यात्रियों को दी सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा है कि प्रभावित रास्तों पर जाने से बचना चाहिए। सड़कों पर ट्रैफिक न हो, इसके लिए प्राइवेट गाड़ियों की जगह मेट्रो या बसों जैसे सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करना चाहिए। खासतौर से वो यात्री जो अपनी उड़ान या ट्रेन पकड़ने के लिए IGI हवाई अड्डे, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन या ISBT जाना पड़ता है, उन्हें अपनी यात्रा की प्लानिंग पहले से कर लेनी चाहिए। इसके साथ ही एक्स्ट्रा वक्त लेकर घर से निकलना चाहिए।