Delhi Traffic Police Advisory: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आज 1 मार्च रविवार को दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच टी20 विश्व कप मैच होने वाला है, इसे ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू किए गए हैं, यह नियम आज दोपहर 12 बजे रात 10 बजे तक लागू रहेंगे। एडवाइजरी का उद्देश्य सुरक्षा सुनिश्चित करके यात्रियों की आवाजाही को आसान करना है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जरूरत के हिसाब से बहादुरशाह जफर मार्ग और जेएलएन मार्ग पर डायवर्जन या प्रतिबंध को लागू किया जा सकता है। वहीं दरियागंज से बहादुरशाह जफर मार्ग और गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड तक भारी गाड़ियों के आवागमन पर पूरी तरह रोक रहेगी।
ऐसे में दर्शकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने राजघाट से दिल्ली गेट होते हुए कमला मार्केट राउंडअबाउट तक JLN मार्ग (दोनों कैरिजवे), तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक आसफ अली रोड और दिल्ली गेट से रामचरण अग्रवाल चौक तक बहादुरशाह जफर रास्ते से बचने की सलाह दी गई है।
स्टेडियम में कैसे मिलेगी एंट्री ?
अगर यात्री नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाना चाहते हैं, उन यात्रियों को यात्रा से पहले प्लान करने की सलाह दी गई है। क्योंकि ITO चौक और बहादुरशाह जफर मार्ग पर भारी ट्रैफिक देखने को मिल सकता है। स्टेडियम में एंट्री के लिए गेट नंबर 1 से 8 दक्षिणी की तरफ स्थित हैं, जहां बहादुरशाह जफर मार्ग से प्रवेश होगा। गेट नंबर 10 से 15 पूर्वी दिशा में हैं, जहां JLN मार्ग और अंबेडकर स्टेडियम बस टर्मिनल पर एंट्री मिलेगी। गेट नंबर 16 से 18 वेस्ट की ओर स्थित हैं, जिनका प्रवेश बहादुरशाह जफर मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास से होगा।
आम दर्शकों के लिए स्टेडियम के आसपास पार्किंग की परमिशन नहीं होगी। फ्री पार्किंग की व्यवस्था माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड पर होगी, जहां से ‘पार्क एंड राइड' की सुविधा मिलेगी, वहीं लेबलयुक्त गाड़ियों के लिए सीमित पार्किंग की सुविधा की गई है। वहीं बिना वैध पार्किंग लेबल वाली गाड़ियों को स्टेडियम में एंट्री नहीं मिलेगी।
सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें- ट्रैफिक पुलिस
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि बहादुरशाह जफर मार्ग, जेएलएन मार्ग और राजघाट से आई.पी. फ्लाईओवर तक रिंग रोड पर मैच के दिन सड़क किनारे खड़े वाहनों को टो कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं ऐप-आधारित टैक्सी के लिए पिक-अप और ड्रॉप प्वाइंट गेट नंबर 2 (मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के पास) और राजघाट चौक पर रखे गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से सहयोग करते हुए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है।