भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 के लिए 15 फरवरी को होने वाले मैच की पुष्टि होते ही हवाई उड़ानों के किराए में खासी बढ़ोतरी देखी जा रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो दिल्ली से श्रीलंका के कोलंबो जाने वाले फ्लाइट्स का हवाई किराया एक लाख के पार पहुंच चुका है। यही नहीं, जानकारों की मानें तो सीटें भी तेजी से बुक हो रही है। अगर समय रहते टिकट बुक नहीं हुआ तो शायद भारी भरकम राशि का इंतजाम करने के बाद भी दर्शक कोलंबो के मैदान पर भारत पाकिस्तान के बीच इस हाई वोल्टेज के मैच को शायद नहीं देख पाएंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स में मेकमाईट्रिप के अनुसार एयर इंडिया की दिल्ली से कोलंबो की फ्लाइट का किराया 1 लाख रुपये पार कर चुका है। मंगलवार को सुबह 11 बजे तक दिल्ली से कोलंबो का एयर इंडिया हवाई किराया चेक किया तो पता चला कि शुक्रवार को नॉनस्टॉप फ्लाइट का किराया 43030 और 81032 रुपये है। शनिवार को एयर इंडिया की नॉनस्टॉप फ्लाइट का किराया 90031 रुपये से लेकर 1.05 लाख रुपये के बीच है।
रिपोर्ट्स की मानें तो भारत पाकिस्तान का मैच 15 फरवरी यानी रविवार को होगा। इस दिन एयर इंडिया की नॉन स्टॉप फ्लाइट का किराया 1 लाख 9 हजार 340 रुपये है। जानकारों की मानें तो जिस तरह से डिमांड बढ़ती रहेगी, उसके अनुरूप किराया और भी ज्यादा बढ़ता रहेगा।
श्रीलंकन एयरलाइन का किराया कम
एयर इंडिया की बजाए श्रीलंकन एयरलाइन का किराया भी चौंका रहा है। शुक्रवार को श्रीलंकन एयरलाइन का किराया 32 हजार 746 रुपये दर्शा रहा है, लेकिन शनिवार को श्रीलंकन एयरलाइंस का किराया 1 लाख 45 हजार 220 था। वहीं रविवार के दिन यानी मैच के दिन श्रीलंकन एयरलाइंस का किराया 65 हजार 915 है। आप सोच रहे होंगे कि मैच के दिन किराया कम क्यों है। कारण यह है कि तय शेड्यूल के तहत जब यह फ्लाइट कोलंबो पहुंचेगी, तब तक इस मैच का परिणाम सामने आ जाएगा।











