Delhi Road Accident: दिल्ली के रघुवीर नगर में ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार करके मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Delhi Road Accident: दिल्ली के रघुवीर नगर इलाके में बीती देर रात स्कूटी सवार युवक ट्रक की चपेट में आ गया, जिसकी वजह से मौके पर हुई उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गई है। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं आरोपी ट्रक चालक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 

जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक शाहपुरा इलाके का रहने वाला था। सामने आए सीसीटीवी फुटेज से यह पता लगा है कि युवक स्कूटी पर सवार होकर जा रहा है, लेकिन संतुलन बिगड़ने पर युवक नीचे गिर जाता है। उसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रक उसे कुचल देता है और उसकी मौत हो जाती है। इस हादसे से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। वहीं घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पीछा करके भाग रहे ट्रक ड्राइवर को पकड़ लिया। 

पुलिस जांच में जुटी

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस को मामले के बारे में सूचित किया, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने ट्रक को भी जब्त करके ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस और परिवार की मौजूदगी में हरी नगर के दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में युवक का पोस्टमार्टम करवाया गया और शव परिवार को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।