ईरान और इजरायल के बीच चल रहे महायुद्ध का असर भारत पर ज्यादा न पड़े, इसके लिए केंद्र सरकार निरंतर ठोस प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में आज केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर 10 रुपये की एक्साइज ड्यूटी घटा दी है। यह कदम इसलिए उठाया है ताकि महंगाई पर नकेल कसा जा सके। लेकिन, इस मौके का फायदा उठाने वाले भी कम नहीं हैं। दिल्ली पुलिस ने एक नए अवैध एलपीजी सिलेंडर रैकेट का भंडाफोड़ किया है, जो कि अवैध जमाखोरी के साथ ही रिफिलिंग में भी शामिल था।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, राजधानी में एलपीजी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी न हो, इसके लिए व्यापक निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को सफल करने के लिए अपने गुप्त खुफिया तंत्र को भी सक्रिय किया है। पुलिस को पता चला कि दिल्ली के सुखबीर नगर, कराला-कंझावला रोहिणी इलाके में एलपीजी गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी की जा रही है। साथ ही, लोगों को महंगे दाम पर अवैध रूप से गैस सिलेंडर रिफिलिंग कर रहे हैं।
पुलिस ने सूचना के आधार पर दबिश दी तो मौके पर आरोपी पंकज पाल और उसके पिता कुंवर पाल रिफिलंग करते रंगे हाथों पकड़े गए। उनके पास से 50 अवैध एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 और धारा 125 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।