Delhi Drug Smuggling: दिल्ली पुलिस ने 'ऑपरेशन कवच' अभियान के तहत ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Delhi Drug Smuggling: दिल्ली के रघुवीर नगर में पुलिस ने ड्रग तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 'ऑपरेशन कवच' अभियान के तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ करके उसके गिरोह का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।  

जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान 27 वर्षीय साहिल के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 21 ग्राम सुपर फाइन हेरोइन बरामद की है। पुलिस को जब इनपुट मिला कि आरोपी साहिल इलाके में तस्करी के लिए आने वाला है, उसके बाद टीम मौके पर पहुंच गई।

आरोपी ने भागने का प्रयास किया

टीम ने साहिल को जुपिटर स्कूटी सवार होकर आते हुए देखा, तो उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन टीम को देखकर आरोपी घबरा गया और स्कूटी तेजी से भगाकर भागने लगा। भागने की इस हड़बड़ी में आरोपी स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस ने मौका देखकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब उसकी स्कूटी की डिग्गी की तलाशी ली  तो उसमें से हेरोइन की खेप बरामद हुई। 

NDPS में केस दर्ज

पश्चिमी जिले के डीसीपी शरद भास्कर दराडे के मुताबिक इलाके में नशा मुक्ति के लिए 'ऑपरेशन कवच' चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।  पुलिस ने आरोपी साहिल के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(B) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करके यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि वह यह हेरोइन कहां से लाता था। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे ड्रग सिंडिकेट में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। 

दिल्ली /एनसीआर की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।