Delhi Police Encounter: दिल्ली पुलिस एनकाउंटर में बवाना हत्याकांड के 2 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों हत्या के बाद से ही 1 महीने से फरार चल रहे थे।

Delhi Police Encounter: दिल्ली के बवाना में एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एनकाउंटर में 2 वांटेड शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को रोहिणी में देर रात एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान दोनों शूटरों के पैर में गोली लगी है, उन्हें अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। 

जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इरफान और ऐश्वर्या पांडे के तौर पर हुई है। बवाना में कारोबारी की हत्या के बाद से दोनों आरोपी करीब 1 महीने से फरार चल रहे थे। पुलिस को सूत्रों के हवाले से पता लगा कि दोनों आरोपी रोहिणी में मौजूद है।

11 राउंड फायरिंग 

सूचना मिलते पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई, जहां उन्हें दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर आते दिखे। टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन पर गोली चला  दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, इस दौरान दोनों तरफ से करीब 11 राउंड गोलियां चलीं। जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने दोनों को पकड़कर अस्पताल में भर्ती करवा दिया। 

शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस हत्या के तार विदेश में बैठे गैंगस्टर रणदीप मलिक और अनिल पंडित से हो सकता है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्तौल, कई कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ करके हत्या के पीछे की साजिश और अन्य लोगों के बारे में पता लगाया जा सके।