Delhi Police Double Encounter: दिल्ली के द्वारका में चाकूबाजी और हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने के लिए रातभर ऑपरेशन चलाया था। कार्रवाई के दौरान दोनों अपराधियों के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद दोनों को पकड़कर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुठभेड़ की पहली घटना द्वारका सेक्टर-17 के पास हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वांटेड अपराधी रोहित उर्फ नोदा को घेर लिया। बदमाश ने खुद को पुलिस से घिरा देख टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग कर दी, लेकिन आरोपी के पैर में गोली लगने के कारण वह घायल हो गया।
जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 7.65 एमएम की एक पिस्टल और कारतूस बरामद किया है। एनकाउंटर के दौरान पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लग गई, जबकि हेड कांस्टेबल को गोली छूकर निकल गई।
दूसरा एनकाउंसर नजफगढ़ में हुआ
दूसरा एनकाउंसर ओल्ड नजफगढ़ ड्रेन रोड पर हुआ है। इस मुठभेड़ में पुलिस ने प्रेम उर्फ हिमांशु को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान बदमाश हिमांशु ने भी पुलिस टीम पर ही फायरिंग कर दी थी, लेकिन जवाबी कार्रवाई में जब टीम ने गोली चलाई, तो आरोपी के दाहिने पैर पर गोली लग गई। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी पहले से ही गंभीर अपराधों में शामिल रहे हैं। पुलिस ने अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाते हुए इस कार्रवाई को अंजाम दिया है।
हत्या और चाकूबाजी की वारदात में शामिल
पुलिस जांच में सामने आया है कि डाबरी इलाके में 29-30 मार्च की रात महज 15 मिनट के अंदर ही दोनों अपराधियों ने दो अलग-अलग चाकूबाजी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इस हमले में एक शख्स की मौत हो गई थी। वहीं दूसरे मामले में हनी और अनीश समेत तीन लोगों को चाकू मारा गया, जिसकी वजह से सभी की हालत गंभीर बनी हुई है।
जांच में खुलासा हुआ कि दोनों वारदातों के पीछे रोहित कुमार उर्फ ‘नोदा’ और प्रेम शर्मा उर्फ ‘हिमांशु’ का हाथ है। जिसके बाद पुलिस की स्पेशल स्टाफ और एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) टीमों ने रातभर ऑपरेशन चलाकर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।