दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दिल्ली एनसीआर और आसपास के राज्यों में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले अंतराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान यूपी के शामली निवासी मोहम्मद इसरार उर्फ कट्टा के रूप में हुई है। दिल्ली और हरियाणा पुलिस ने उस पर कुल 55000 रुपये का इनाम घोषित रखा था। इसके बावजूद वह लंबे समय से पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा, लेकिन अब दिल्ली क्राइम ब्रांच ने इस इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ के बाद कई वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में इसरार उर्फ कट्टा ने खुलासा किया है कि वह संगठित आपराधिक गिरोह को अवैध हथियार उपलब्ध कराता था। मोहम्मद इसरार पर केवल अवैध हथियार सप्लाई करने का ही आरोप नहीं है बल्कि उसके खिलाफ हत्या, डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट के उल्लंघन जैसे दर्जनों गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि लंबे समय से उसकी तलाश के लिए सर्च अभियान चल रहा था। दिल्ली पुलिस ने उसके खिलाफ 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वहीं हरियाणा पुलिस की तरफ से भी 5000 रुपये इनाम घोषित कर रखा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी कट्टा से पूछताछ के बाद दिल्ली समेत आसपास के उन सभी गिरोह का खुलासा होगा, जिनके लिए वह हथियार सप्लाई कर रहा था।
पुलिस ने बतायाा कि उन लोगों के नामों का भी खुलासा होगा, जिन्होंने उससे हथियार खरीदे थे। इसके अलावा आरोपी कहां से हथियार लाता था, इसकी भी जांच की जाएगी। पुलिस ने उम्मीद जताई कि इसरार से पूछताछ के बाद आने वाले दिनों में कई बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।