Delhi Police: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान आतंकी नेटवर्क का भंड़ाफोड़ करते हुए, यूपी के रामपुर से शाहजाद भट्टी के 18 वर्षीय गुर्गे हरमनदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

Delhi Police: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान से संचालित आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। यूपी के रामपुर जिले के 18 वर्षीय हरमनदीप सिंह उर्फ हरमन को गिरफ्तार कर लिया गया। यह युवक पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर-आतंकी शाहजाद भट्टी का गुर्गा था और भारत में आतंकी गतिविधियां चलाने में मदद कर रहा था।

पुलिस की पूर्वी रेंज की टीम ने गुप्त निगरानी के बाद सोमवार को हरमन को पकड़ा। इस कार्रवाई से शाहजाद भट्टी का एक सक्रिय मॉड्यूल ध्वस्त हो गया है, जिसमें सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को भर्ती करने और साजिश रचने का काम हो रहा था।

जांच में पता चला कि हरमन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से पाकिस्तानी आतंकी शाहजाद भट्टी और अन्य हैंडलर्स के संपर्क में था। भट्टी का नेटवर्क युवाओं को पैसे और शानदार जीवनशैली का लालच देकर आतंकी गतिविधियों में शामिल कर रहा था। हरमन को प्रोपगैंडा, फायरिंग और ग्रेनेड हमलों जैसी साजिशों में शामिल होने के निर्देश मिले थे।

हरमन के पास से एक मोबाइल फोन और काली स्प्रे पेंट की बोतल बरामद हुई है। फोन में शाहजाद भट्टी और पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ आपत्तिजनक चैट, TTH ग्राफिटी की तस्वीरें और वीडियो मिले हैं। ये ग्राफिटी पंजाब के होशियारपुर के तलवाड़ा इलाके में तीन जगहों पर की गई थीं।

हरमन ने रामपुर में भी दूसरों को ऐसी ही ग्राफिटी करने के लिए उकसाया था। सबूतों से साफ है कि वह पाकिस्तान से निर्देश लेकर भारत में आतंकी प्रचार और हमलों की तैयारी कर रहा था।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल लंबे समय से शाहजाद भट्टी के नेटवर्क पर नजर रखे हुए है। हरमन की गिरफ्तारी से पता चला कि पाकिस्तान से चल रहे इस मॉड्यूल का मकसद युवाओं को रिक्रूट कर छोटे-छोटे हमलों और प्रोपगैंडा के जरिए अस्थिरता फैलाना था। डीसीपी (स्पेशल सेल) नर्रा चैतन्य ने कहा कि यह कार्रवाई आतंकी साजिशों को रोकने में अहम साबित होगी।