आज वैलेंटाइन डे मनाया जा रहा है। इस दिन प्रेमी एक दूसरे को गिफ्ट दे रहे हैं। लेकिन, दिल्ली पुलिस ने एक प्रेमी जोड़े को 'खास तोहफा' दिया है। दरअसल, द्वारका डिस्ट्रिक्ट के स्पेशल स्टाफ ने उत्तर नगर के एक दुकानदार से हुई लूट की वारदात को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस लूट में शामिल मास्टरमाइंड और उसकी प्रेमिका को अरेस्ट कर लिया है। यही नहीं, एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है, जो कि रिश्ते में मास्टरमाइंड का भांजा लगता है। बहरहाल, पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि 7 फरवरी की रात को उत्तम नगर में दुकान मालिक 30000 रुपये कैश लेकर घर लौट रहा था। रात करीब 9:40 बजे पैदल आए आरोपियों ने उस पर हमला किया और कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए। दुकानदार ने तुरंत पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी।
हमलावर जिस दिशा में फरार हुए थे, आसपास के सभी सीसीटीवी खंगाले। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर और गुप्तचरों की मदद से पता चला कि आरोपी एक पार्क में छिपे हैं। पुलिस ने जब दबिश दी तो पुलिस टीम को देखते ही उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान छोटू कुमार उर्फ अविनाश के रूप में हुई। उसकी 21 वर्षीय प्रेमिका और 17 वर्षीय भांजे को भी अरेस्ट किया है। जांच में पता चला कि भांजा दुकानदार के यहां नौकर का काम करता था। उसे पता था कि दुकानदार कैश लेकर घर जाता है। उसके मामा ने दुकानदार को लूटने की साजिश रची।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने ओयो होटल का रूम बुक किया और महंगे कपड़े और फोन खरीदे। पुलिस ने बताया कि आरोपी मामा रिक्शा चालक है, जबकि उसकी प्रेमिका स्मैक की आदी है। आरोपियों के पास से लूट की रकम से खरीदे गए सामान को बरामद कर लिया गया है। बहरहाल, पूछताछ जारी है। पूछताछ पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।
