Delhi Murder Case: दिल्ली के वेलकम इलाके में 21 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने 3 दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

Delhi Murder Case: दिल्ली के वेलकम इलाके में 3 युवकों ने मिलकर अपने दोस्त की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में पता लगा है कि मृतक युवकों को परेशान करता था, जिसकी वजह से आरोपियों ने अपने दोस्त की हत्या कर दी।

पुलिस ने एक नाबालिग समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि पुलिस इस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।  मृतक की पहचान 21 साल के शमीम के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि शमीम गुरुवार 9 अप्रैल की रात को 10:30 बजे अपने 3 दोस्तों तिलक राज, वसीम उर्फ मिया और नाबालिग के साथ गया था, जिसके बाद वह रातभर घर वापस नहीं लौटा।

परिजनों ने शमीम की तलाशी शुरू कर दी, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। मृतक के परिजनों ने थाने में शमीम के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी। अगले दिन यानी 10 अप्रैल को रात करीब साढ़े 8 बजे  शमीम का शव वेलकम झील पार्क से पुलिस ने बरामद किया। 

सिर और चेहरे को पत्थर से कुचला

शमीम का शव खून से सना हुआ था, और चाकू गोदकर उसकी हत्या की गई थी। हमलावरों ने पहचान छिपाने के इरादे से उसके सिर और चेहरे को पत्थर से कुचल दिया और शव को पत्तियों से ढक दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

परिजनों का आरोप है कि जिन दोस्तों के साथ वह गया था, उन्हीं ने शमीम की हत्या की है। पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए केस दर्ज करके वसीम उर्फ मिया (20), तिलक राज उर्फ राज (23) और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया।