दिल्ली नगर निगम ने छतरपुर और सैदुलाजाब इलाके में अवैध निर्माण के खिलाफ बुधवार को विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत 100 फुटा रोड पर कई जगह पर बने अवैध निर्माण को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। अतिक्रमणकारियों ने एमसीडी की टीम का विरोध किया, लेकिन भारी पुलिस बल की तैनाती के चलते किसी की नहीं चली।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, छतरपुर और सैदुलाजाब इलाके में कई जगह अवैध निर्माण किया गया था। अवैध कब्जा धारकों को नोटिस जारी किया था। चेतावनी दी थी कि अगर जमीन से काबिज रहते हैं तो एक्शन लिया जाएगा। एमसीडी अधिकारियों ने बताया कि नोटिस जारी करने के बाद भी अवैध कब्जा नहीं हटा, जिसके चलते विशेष टीम का गठन किया गया।
एमसीडी के साउथ जोन के बिल्डिंग विभाग की टीम तीन बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को ढहाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। लोगों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रण में रखा। अधिकारियों ने बताया कि हल्दीराम के पास स्थित संपत्ति, नाथू स्वीट्स के सामने बना अवैध ढांचा, अग्रवाल धर्मशाला के पास का अवैध निर्माण, डोमिनोज और रुद्रांश के पास का अवैध निर्माण भी ढहा दिया गया है।
एमसीडी अधिकारियों ने बताया कि इन अवैध निर्माण की वजह से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इन अवैध निर्माणों को हटाने की मांग को लेकर कई शिकायतें मिली थी। नियमों के तहत नोटिस जारी किया। सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद अवैध निर्माण को ढहाने की प्रक्रिया अपनाई गई। अधिकारियों ने कहा कि अवैध निर्माण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन लोगों ने अवैध निर्माण कर रखे हैं, उसे हटा लें अन्यथा इस तरह से बुलडोजर एक्शन कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
