Janakpuri Bike Accident: दिल्ली के जनकपुरी में कुछ दिन पहले गड्ढे में गिरकर 25 साल के कमल नाम के युवक की मौत हो गई थी। इस मामले में दिल्ली जलबोर्ड के 3 इंजीनियरों को सस्पेंड कर दिया गया था, जिनमें से एग्जीक्यूटिव इंजीनियर आजाद सिंह ग्रेवाल को लेकर एक नया खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान सामने आया है कि आजाद सिंह पहले भी रिश्वत लेने के आरोप में बर्खास्त हो चुके हैं।
आजाद सिंह को प्राइवेट पानी के टैंकर ऑपरेटर से रिश्वत लेने के मामले में दोषी पाया गया था, जिसके चलते उसकी सर्विस को समाप्त कर दिया गया था। दिल्ली जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के मुताबिक, 21 दिसंबर 2020 को जारी एक आदेश के तहत तत्कालीन एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (सिविल) आजाद सिंह ग्रेवाल पर आरोप लगा था कि उन्होंने एक टैंकर ड्राइवर-मालिक से बिल पास करने के लिए कैश लिया था। विजिलेंस विभाग ने इस मामले से जुड़ी एक वीडियो बरामद की थी, जिसमें आजाद सिंह ग्रेवाल पर आरोप की पुष्टि हो गई थी। वीडियो में पैसों का लेनदेन साफ दिखाई दे रहा था।
आरोप को छिपाने की कोशिश
फरवरी 2019 में ग्रेवाल के खिलाफ CCS (CCA) रूल्स, 1965 के रूल 14 के तहत औपचारिक जांच शुरू की गई थी, जिसमें आरोप सही साबित हुए थे। हालांकि ग्रेवाल ने दावा करते हुए कहा था कि, यह पैसा एक व्यक्तिगत कर्ज की वापसी के लिए था, लेकिन प्राधिकारी ने पाया कि आरोप को छिपाने की कोशिश की जा रही है, जिसके बाद उन्हें सेवा से हटाने की सजा सुना दी गई थी। इसके अलावा यह भी कहा गया था कि यह सजा उन्हें भविष्य में सरकारी नौकरी के लिए अयोग्य नहीं ठहराएगी।
आजाद सिंह ग्रेवाल ने की थी अपील
आरोप के बाद आजाद सिंह ग्रेवाल द्वारा की गई अपील के दौरान सजा को बदलकर 3 साल के लिए एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (सिविल) के पद से सहायक इंजीनियर (सिविल) के निचले पद पर डिमोशन कर दिया गया। दिल्ली जलबोर्ड के अधिकारी का कहना है कि ग्रेवाल को 2022 में बहाल कर दिया गया था।
बीते दिन यानी शनिवार को शहरी विकास मंत्री आशीष सूद घटनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि 'यह सिर्फ एक हादसा नहीं है, यह सिस्टम की जवाबदेही का भी सवाल है। दिल्ली के नागरिकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।'
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।