Delhi-Haryana Weather Update: सूरज के कड़े तेवर, दिल्ली में कई जगह पारा 47 के पार, हरियाणा में भी गर्मी कर रही बेहाल

Delhi Haryana Weather
X
दिल्ली और हरियाणा का मौसम।
दिल्ली में एक बार फिर सूरज के कड़े तेवर देखने को मिल रहे हैं। दिल्ली के कई हिस्सों में तापमान 47 डिग्री के पार पहुंच गया। वहीं, हरियाणा में भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

Delhi-Haryana Weather Update: दिल्ली में सूरज के कड़े तेवरों के चलते बुधवार को कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 47 डिग्री पार कर गया। सड़क पर दूर-दूर तक नजर आ रही मृग मरीचिका बता रही है कि आसमान से आग बरस रही है। यह हालात अभी बने रहेंगे यानी, आने वाले दिनों में दिल्ली को कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। वहीं, हरियाणा में भी तापमान एक बार फिर 46 डिग्री को पार कर गया है।

दिल्ली में कई जगह पारा 47 के पार

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र दिल्ली (IMD) ने बताया कि दिल्ली के नजफगढ़ में अधिकतम पारा सबसे ज्यादा 47.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जा सामान्य से बहुत ज्यादा है। वहीं, दूसरे नंबर पर अधिकतम पारा नरेला में 47.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पीतमपुरा में 46.7 डिग्री सेल्सियस, पूसा में 46.5, रिज एरिया में 46.4 डिग्री, जाफरपुर 46.3 डिग्री, आया नगर में 45.9, पालम में 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हआ। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली का औसत अधिकतम पारा 44.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो इस मौसम के सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।

दिल्ली का मौसम

आईएमडी ने बताया कि दिल्ली का औसत न्यूनतम तापमान 28. 5 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं निजी मौसम अनुमान कंपनी स्काईमेट वेदर का कहना है कि अभी दिल्ली वालों को झुलसाने वाली भीषण गर्मी और लू से राहत के आसार नजर नहीं आ रहे। दिल्ली में 11 जून, 2024 को भी लू की स्थिति बनी रही थी। मंगलवार को दोनों रिकॉर्ड वेधशाला सफदरजंग और पालम में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया था। जो सामान्य से लगभग 4 डिग्री सेल्सियस अधिक था।

हालांकि, इतना तापमान लू चलने की स्थिति के बराबर नहीं है। लेकिन, दिनभर गर्मी होने के कारण दोपहर के आसपास लू की स्थिति देखी गई। वहीं, दिल्ली की अन्य वेधशालाओं में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया, जिससे लू की स्थिति दर्ज की गई। नरेला में उच्चतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 7 डिग्री सेल्सियस अधिक था। जिससे भीषण गर्मी की स्थिति पैदा हो गई है।

दिल्ली में कब आएगा मानसून

वहीं, दिल्ली के आसपास के मैदानी इलाकों में दो चक्रवाती परिसंचरण हवा के पैटर्न को बदल देंगे। 20 जून के बाद दिल्ली में बारिश और आंधी देखने को मिल सकती है, जिससे दिल्ली के पास से गुजरने वाली पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा निकट होने के कारण प्री-मानसून गतिविधियों की संभावना बढ़ जाएगी। हालांकि, अभी मौसम का अनुमान लगाना थोड़ा जल्दबाजी होगी, लेकिन दिल्ली, एनसीआर में अगले सप्ताह 19-20 जून के आसपास कुछ राहत भरी बारिश और आंधी की उम्मीद की जा सकती है।

हरियाणा का मौसम

हरियाणा में तापमान एक बार फिर 46 डिग्री को पार कर गया है। प्रदेश में बुधवार को 18 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड की गर्म हवा से जन जीवन अस्त-व्यस्त रहा। प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, मौसम शुष्क बना रहेगा, जिसके चलते न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। फिलहाल गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story