haribhoomi hindi news
Delhi Hajj Flights: दिल्ली एयरपोर्ट से 18 अप्रैल को हज यात्राएं शुरू हो जाएंगी। इसे देखते हुए यात्रियों के लिए दिल्ली प्रदेश हज कमेटी द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं।

Delhi Hajj Flights: इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 18 अप्रैल को हज यात्राओं की शुरुआत होने जा रही है। एयरपोर्ट से दिल्ली के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों के लिए हज यात्री अपने पावन सफर के लिए रवाना होते हैं।

इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली प्रदेश हज कमेटी द्वारा यात्रियों की सुविधाओं के लिए खास इंतजाम किए जाते हैं, ताकि सफर के दौरान किसी यात्री को समस्याओं का सामना न करना पड़े।

यात्रियों को बेहतर सर्विस देने के लिए कमेटी की तरफ से अधिकारियों को ड्यूटी पर लगाया जाता है। इसके साथ ही बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों (वॉलिंटियर्स) को भी तैनात किया जाता है।

अधिकारियों ने किया व्यवस्था का निरीक्षण 

हज यात्रा की तैयारियों को देखते हुए  दिल्ली प्रदेश हज कमेटी की अध्यक्ष कौसर जहां ने अलग-अलग विभाग के अधिकारियों के साथ अहम समीक्षा बैठक का आयोजन किया था। मीटिंग में MCD, दिल्ली पुलिस, दिल्ली आश्रय सुधार बोर्ड, दिल्ली जल बोर्ड, सिविल डिफेंस समेत कई एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया है।  

बैठक में दिल्ली स्टेट हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी अशफाक अहमद आरफी, उप कार्यकारी अधिकारी मोहसिन अली के साथ-साथ कमेटी के दूसरे कर्मचारी भी शामिल हुए हैं। इससे पहले कौसर जहां ने रामलीला मैदान में प्रस्तावित हज कैंप निरीक्षण करके तैयारियों की समीक्षा की है, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा दी जा सकें। 

22,000 यात्री होंगे रवाना

दिल्ली स्टेट हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी अशफाक अहमद आरफी के मुताबिक, इस साल दिल्ली से कुल 3,226 हज यात्री पवित्र हज यात्रा पर जाएंगे। इसके अलावा दिल्ली हज एम्बार्केशन पॉइंट से उत्तर भारत के करीब 22,000 यात्री इस धार्मिक यात्रा के लिए रवाना होंगे। दिल्ली से जाने वाले सभी हाजियों के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं। रामलीला मैदान में बनाए जाने वाले ट्रांजिट कैंप से एयरपोर्ट तक वातानुकूलित  (AC) बसों की व्यवस्था की जाएगी। 

54 उड़ानें संचालित

बुजुर्ग यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अलग से खास इंतजाम भी किए जा रहे हैं। हज 2026 के लिए दिल्ली से करीब 54 उड़ानें संचालित की जाएंगी, जिन्हें सऊदी एयरलाइंस द्वारा चलाया जाएगा। पहले फेज में 31 उड़ानों के माध्यम से हज यात्री मदीना मुनव्वरा के लिए भी रवाना होंगे। जबकि दूसरे फेज में 23 उड़ानों के माध्यम से यात्रियों को मक्का मुकर्रमा भेजा जाएगा। 

7