Delhi Government: दिल्ली सरकार ने 11 जिलों के लिए जिला विकास समिति अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। यहां पढ़ें कौन-कौन से विधायकों को जिम्मेदारी दी गई है...

Delhi Government: दिल्ली सरकार की ओर से बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया है।  सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए सभी राजस्व जिलों में जिला विकास समितियों के चेयरमैन नियुक्त कर दिए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी के आदेश के अनुसार अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों को संबंधित जिलों की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इन विधायकों की लिस्ट भी जारी कर दी गई है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जारी आदेश में बाहरी-उत्तर जिला में मुंडका से विधायक गजेंद्र दराल, उत्तर जिला में तिमारपुर से विधायक सूर्य प्रकाश खत्री, उत्तर-पश्चिम जिला में रिठाला से विधायक कुलवंत राणा, मध्य-उत्तर जिला में माडल टाउन अशोक गोयल, मध्य जिला में मोती नगर से विधायक हरीश खुराना को अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।  

पश्चिम जिला में उत्तम नगर से विधायक पवन शर्मा, दक्षिण-पश्चिम जिला में द्वारका से विधायक प्रदुम्न सिंह राजपूत, दक्षिण जिला में ग्रेटर कैलाश से शिखा राय, दक्षिण-पूर्व में कस्तूरबा नगर से नीरज बसोया, पूर्व जिला में कृष्णा नगर से डॉक्टर अनिल गोयल और उत्तर-पूर्व जिला में रोहतास नगर से विधायक जितेंद्र महाजन को जिला विकास समिति का चेयरमैन की जिम्मेजारी सौंपी गई है।  

विकास कार्यों में तेजी आएगी

सरकार के इस फैसले से समितियों की सहायता से संबंधित जिलों में विकास कार्यों की कड़ी निगरानी और क्रियान्वयन को और भी ज्यादा गति मिलने की संभावना जताई जा रही है। जिला विकास समितियां स्थानीय स्तर पर योजनाओं की समीक्षा, समन्वय और निगरानी का काम करती है, ताकि विकास के कामों को समय पर पूरा किया जा सके।  

आदेश में साफ तौर से कहा गया गया है कि यह नियुक्तियां पूर्व में जारी सभी आदेशों को निरस्त करके लागू की गई हैं। यह आदेश सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद जारी किया गया है।  प्रशासनिक हलकों में इस फैसले को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसकी सहायता से सरकार ने जिला स्तर पर जवाबदेही तय करने और विकास कार्यों को तेज करने की दिशा में कदम उठाया है।