Delhi Ex Soldier Fraud Case: दिल्ली के वसंत विहार इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर भारतीय सेना के पूर्व सैनिक और उनकी पत्नी ने मिलकर 'सेना' के साथ धोखाधड़ी की है।
दोनों पर आरोप लगा है कि इन्होंने 'आर्मी ग्रुप इंश्योरेंस फंड' से लाखों रुपये निकालने के लिए, पूर्व सैनिक (आरोपी) की मौत का नाटक किया था। इस मामले में आरोपी महिला ने अपने पति का फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र, शपथपत्र और दूसरे दस्तावेज जमा कर बीमा राशि का दावा किया है। फिलहाल पुलिस ने दंपति के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
करंट लगने से मौत का दावा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान अखिलेश कुमार के तौर पर हुई है। वहीं उनकी पत्नी का नाम ज्ञानती देवी बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है साल 1998 में अखिलेश कुमार बिहार रेजिमेंट में भर्ती हुए थे। साल 2010 में रिटायर्ड हो गए थे। सर्विस के दौरान अखिलेश ने अपनी पत्नी ज्ञानती देवी को बीमा योजना में नामांकित किया था।
वहीं साल 2011 में पत्नी ने दावा किया कि अखिलेश की 17 सितंबर को करंट लगने से मौत हो गई थी। जिसके बाद ज्ञानती देवी ने ग्राम पंचायत से फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र और दूसरे दस्तावेज बनवा लिए थे। इन डॉक्यूमेंट्स के सहारे आरोपियों ने 3 लाख रुपये का क्लेम किया था, देरी से भुगतान के कारण 21,750 रुपये अतिरिक्त ब्याज भी मिला।
कैसे हुआ खुलासा ?
मामले में जब आगे की जांच की गई तो, पता लगा कि बिहार के जहानाबाद पुलिस की जांच में अखिलेश कुमार को जिंदा पाया गया। इसके बाद फर्जी तरीके से क्लेम करने और पैसा हासिल करने का मामला सामने आया। जांच में खुलासा हुआ कि अखिलेश की पत्नी ने बीमा राशि फर्जी दस्तावेजों के आधार हासिल की थी।
इसके बाद आर्मी ग्रुप इंश्योरेंस फंड के अधिकारियों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग उठाई। अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने अखिलेश कुमार, ज्ञानती देवी और जहानाबाद के एक ग्राम सरपंच के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। सभी आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।